सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

महापौर परिषद की बैठक आज होगी

बैठक के एजेंडा पर सहमति बनाने के लिए हुई एक दिन पहले बैठक

नगर निगम की महापौर परिषद की बैठक आज होने जा रही है। इस बैठक के एजेंडा पर सहमति बनाने के लिए एक दिन पहले सभी सदस्यों की अनौपचारिक बैठक भी हो गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा आज यह बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक के कार्य सूची में 65 प्रस्ताव रखे गए हैं। इतनी भारी भरकम कार्य सूची होने के कारण सदस्यों के द्वारा विषयों पर अध्ययन करने के लिए समय मांगा गया था। इसी कारण से पिछले दिनों इस बैठक को स्थगित कर दिया गया था। अब आज होने जा रही बैठक में सबसे बड़ा विवाद का चर्चित मुद्दा अवैध कॉलोनी के मकान का संपत्ति कर खाता खोलने और सरकारी जमीन पर किए हुए निर्माण से भी संपत्ति कर लेने का है। इस प्रस्ताव को लेकर नगर निगम की राजस्व समिति के प्रभारी निरंजन सिंह चौहान गुड्डू के द्वारा आपत्ति ली गई है। उनका कहना है कि इस तरह संपत्ति करके खाते खोले जाना उचित नहीं है। यदि ऐसा किया जाता है तो वैधानिक तौर पर बहुत सारी समस्याएं पैदा होगी। इस प्रस्ताव को लेकर पैदा हुए विवाद के साथ ही महापौर परिषद के सदस्यों के द्वारा अपने हितों से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में रखवा लिए हैं। इसमें हर सदस्य अपने विभाग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने वाले प्रस्ताव लेकर आया है। सबसे ज्यादा प्रस्ताव राजस्व विभाग और मार्केट विभाग से आए हैं। मार्केट विभाग के प्रस्ताव में शहर में स्थान स्थान पर विज्ञापन करने के लिए होर्डिंग लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा गया है। इस प्रस्ताव के अनुसार शहर में बिजली के खंभे से लेकर ट्रैफिक के सिग्नल तक पर विज्ञापन का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही नए जैंट्री गेट भी बनाए जाएंगे। इस पर भी विज्ञापन का प्रदर्शन होगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें