विधानसभा दो के अंतर्गत आने वाले मालवीय नगर बर्फानी धाम क्षेत्र से एलआईजी लिंक रोड से जुड़ने वाली मास्टर प्लान की लगभग 100 फीट चौड़ाई में बन रही मुख्य सड़क निर्माण कार्य की लंबे समय से धीमी रफ्तार से क्षेत्र के रहवासियों को भारी परेशानी हो रही है। हालत यह है कि पिछले साल नवंबर 2025 में मास्टर प्लान की इस सड़क के लिए निगम द्वारा तोड़फोड़ कर सबसे पहले इस सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण का काम शुरू करने के बावजूद अभी तक एक साइड में महज 11 फीट चौड़ी एक पट्टी में बमुश्किल सड़क बनकर तैयार हो पाई है। जबकि दूसरी तरफ के हिस्से में अभी तक खुदाई के साथ ड्रेनेज और स्ट्रार्म वाटर लाइन डालने का काम ही चल रहा है। जिसके कारण क्षेत्र के सैकड़ो रहवासी परिवारों के साथ यहां से रात – दिन गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को भी इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि यहां चौड़ीकरण और निर्माण कार्य चार माह पहले फरवरी से शुरू हो गया था। जिसके बाद भी अभी तक आधी अधूरी सड़क ही बन पाई। कुछ हिस्से में दो पट्टी में सड़क बन गई तो कुछ जगह अभी खुदाई कर ड्रेनेज लाइन डालने का काम ही चल रहा है। बड़ी बात यह है कि मास्टर प्लान की यह सड़क 80 से 100 फीट चौड़ाई में बनाने के हिसाब से तोड़फोड़ की गई थी। वर्तमान में उस हिसाब से ही सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके हिसाब से अभी तक केवल एक साइड में करीब 11 फीट चौड़ाई में लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर के आसपास सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। जबकि इतनी चौड़ाई में अभी चार लाइन में और सड़क बनना बाकी है। यही नहीं दोनों तरफ 8 – 8 फीट के फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। लेकिन काम की धीमी रफ्तार से लग रहा है कि इस दिवाली तक भी काम पूरा नहीं हो पाएगा। क्योंकि अब तक महज आधे हिस्से में लाइन डालने का काम पूरा हो पाया। जबकि खुदाई से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के साथ रहवासियों को भी लंबे समय से परेशानी हो रही है। राहत की बात यह है कि हाल ही में निगम द्वारा निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह खुदाई के कारण अंधेरे की वजह से किसी प्रकार की दुर्घटना या हादसा ना हो। इसके लिए नए बिजली के खंबे लगाकर उन पर लगभग 50 के आसपास नई एलइडी लाइटिंग लगा दी है। जिससे अब बर्फानी धाम मालवीय नगर से एलआईजी लिंक रोड वाली इस मास्टर प्लान की सड़क में रोशनी नजर आने लगी है। जिससे रहवासियों में खुशी जरूर है, लेकिन सड़क के अधूरे काम के कारण लोगों के मकान और एलिवेशन टूटने के बाद लोग दोबारा मकान भी नहीं बना पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है जिसके कारण दोबारा मकान बनाने का काम कई लोग शुरू नहीं कर पा रहे हैं। इधर निर्माण एजेंसी के ठेकेदार और सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जहां साइट क्लियर मिलती जा रही है, वहां लाइन डालने के साथ सड़क निर्माण का कार्य तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




