सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

महाराज के विचार आज भी सामाजिक समरता, आर्थिक स्वावलम्बन और लोक कल्याण का मार्ग दिखते है

महापुरुष केवल शब्दों से इतिहास नहीं बनाते, वे अपने कर्मों से युग की दिशा निर्धारित करते हैंस उनके विचार तभी सार्थक होते हैं, जब वे समाज के व्यवहार और व्यवस्था…

महाराज के विचार आज भी सामाजिक समरता, आर्थिक स्वावलम्बन और लोक कल्याण का मार्ग दिखते है

महापुरुष केवल शब्दों से इतिहास नहीं बनाते, वे अपने कर्मों से युग की दिशा निर्धारित करते हैंस उनके विचार तभी सार्थक होते हैं, जब वे समाज के व्यवहार और व्यवस्था का हिस्सा बन जाएं। महाराजा अग्रसेन ऐसे ही युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने विचारों को केवल उपदेश तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें शासन, समाज और अर्थव्यवस्था की व्यवहारिक व्यवस्था में उतारा। महाराजा अग्रसेन का व्यक्तित्व केवल अग्रवाल समाज तक सीमित नहीं है। उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता, न्याय, सहकारिता, उद्यमशीलता और लोककल्याण की ऐसी अवधारणा प्रस्तुत करते हैं, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी उस समय थी। हर युग को एक ऐसे महानायक की आवश्यकता होती है, जो अपने समय की चुनौतियों को समझकर भविष्य की राह दिखाए। महाराजा अग्रसेन ऐसे ही युगदृष्टा थे। उन्होंने राज्य व्यवस्था को केवल राजा के वैभव और सत्ता का माध्यम नहीं माना, बल्कि उसे जनकल्याण का साधन बनाया। उस दौर में जब राजसत्ता को व्यक्तिगत संपत्ति समझे जाने की प्रवृत्ति थी, महाराजा अग्रसेन ने लोकहित और जनसहभागिता को प्राथमिकता दी।

‘एक ईंट, एक रुपया’ में छिपा था सामाजिक अर्थशास्त्र-

महाराजा अग्रसेन की सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में ‘एक ईंट, एक रुपया’ का सिद्धांत उल्लेखनीय है। इसका मूल भाव यह था कि किसी नए व्यक्ति या परिवार को समाज में बसने के लिए अकेला संघर्ष न करना पड़े। पहले से बसे परिवार उसके आवास और व्यवसाय की शुरुआत में सहयोग की कल्पना कीजिए, आज से हजारों वर्ष पहले किसी नए नागरिक के लिए समाज द्वारा सामूहिक रूप से आवास और रोजगार की शुरुआत का आधार तैयार किया जाता हो। यह केवल आर्थिक सहयोग नहीं था, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और अपनत्व की भावना का भी प्रतीक था। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा संदेश यही था कि समाज की समृद्धि केवल कुछ लोगों की समृद्धि से नहीं होती। जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी आर्थिक रूप से सक्षम होता है, तभी वास्तविक संपन्नता आती है। आज जब दुनिया सामाजिक सुरक्षा, स्टार्टअप, सामुदायिक वित्त और सहकारिता जैसे विचारों पर चर्चा कर रही है, तब महाराजा अग्रसेन की यह सोच हमें अपने प्राचीन सामाजिक चिंतन की ओर देखने के लिए प्रेरित करती है।

‘जियो और जीने दो’—समरस समाज का आधार-

महाराजा अग्रसेन की विचारधारा का केंद्र न्याय, समानता, सहिष्णुता और उदारता था। वे जातिगत विद्वेष और सामाजिक विभाजन के विरोधी थे। उनका मूल संदेश था—जियो और जीने दो। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि समाज की शक्ति टकराव में नहीं, बल्कि सहयोग में होती है। विभिन्न समुदायों और संस्कृतियों के बीच समन्वय भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण पक्ष रहा। सूर्यवंशी होते हुए नागवंशी माधवी से उनका विवाह सामाजिक समन्वय और सांस्कृतिक स्वीकार्यता का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। आज जब समाज में विभिन्न प्रकार के विभाजन और तनाव दिखाई देते हैं, तब महाराजा अग्रसेन के विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।

अग्रवाल समाज की सामाजिक और आर्थिक भूमिका-महाराजा

अग्रसेन के अनुयायी अग्रवाल समाज ने देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। व्यापार, उद्योग, कृषि, पशुपालन और सेवा क्षेत्र में अग्रवाल समाज की उद्यमशीलता ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। देश के अनेक शहरों में धर्मशालाएं, अस्पताल, शिक्षण संस्थाएं, अन्नक्षेत्र और अन्य लोककल्याणकारी संस्थाएं समाजसेवियों और व्यापारिक समुदायों के सहयोग से संचालित होती रही हैं। इसमें अग्रवाल समाज का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इंदौर भी इसका उदाहरण है। शहर में लंबे समय से अग्रवाल समाज के अनेक सार्वजनिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। धर्मशालाओं से लेकर अन्नक्षेत्र, शिक्षण संस्थाओं और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों तक समाज ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। लेकिन आज हमें आत्ममंथन की आवश्यकता है। हमारे पूर्वजों ने अपनी कमाई का एक हिस्सा समाज और जरूरतमंदों के लिए समर्पित किया। नई पीढ़ी आर्थिक रूप से अधिक सक्षम होने के बावजूद क्या उसी भावना को आगे बढ़ा रही है? यह सवाल समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति के सामने होना चाहिए। यदि इंदौर का अग्रवाल समाज सामूहिक संकल्प ले, तो शहर में आधुनिक अस्पताल, उत्कृष्ट शिक्षण संस्थाएं, कौशल विकास केंद्र, छात्रावास और अन्य जनकल्याणकारी संस्थाएं स्थापित की जा सकती हैं। यह केवल समाज की सेवा नहीं होगी, बल्कि पूरे शहर के विकास में योगदान होगा।

समृद्धि के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी जरूरी-

केवल आर्थिक रूप से समृद्ध होना पर्याप्त नहीं है। वास्तविक समृद्धि तब है, जब समाज अपने कमजोर वर्गों को भी साथ लेकर आगे बढ़े। आज अग्रवाल समाज देशभर में व्यवसाय और रोजगार के कारण फैला हुआ है। लेकिन आर्थिक विस्तार के साथ सामाजिक और संगठनात्मक एकजुटता भी आवश्यक है। देश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारिक समुदायों के सामने सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और स्थानीय स्तर पर अनेक चुनौतियां आती रही हैं। इन परिस्थितियों में समाज को किसी टकराव के बजाय लोकतांत्रिक, संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों और हितों के लिए संगठित होना चाहिए। राजनीतिक प्रतिनिधित्व भी जरूरी-लोकतंत्र में जिसकी आवाज संसद, विधानसभा और स्थानीय निकायों तक पहुंचती है, उसकी समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखने की संभावना भी बढ़ती है। वैश्य समुदाय की आर्थिक भूमिका जितनी महत्वपूर्ण रही है, राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में स्थिति उतनी संतोषजनक नहीं रही। विभिन्न राजनीतिक दलों ने समय-समय पर वैश्य समाज के आर्थिक और सामाजिक सहयोग का लाभ लिया है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में समाज को अपेक्षित अवसर हमेशा नहीं मिले। इस स्थिति पर समाज को गंभीरता से विचार करना होगा। राजनीतिक भागीदारी का अर्थ किसी एक राजनीतिक दल का समर्थन करना नहीं है। इसका अर्थ है— लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना। समाज को योग्य, शिक्षित, ईमानदार और जनसेवा की भावना रखने वाले लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए। संगठन ही शक्ति है-वैश्य समाज की अनेक उपजातियां और समुदाय देशभर में फैले हुए हैं। यदि ये सभी समुदाय सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर एक साझा मंच तैयार करें, तो उनकी सामूहिक शक्ति निश्चित रूप से प्रभावशाली हो सकती है। लेकिन संगठन केवल संख्या का नाम नहीं है। संगठन का अर्थ है—साझा उद्देश्य, आपसी सहयोग और समाज के प्रति जिम्मेदारी। महाराजा अग्रसेन ने जिस समाज की कल्पना की थी, उसमें कोई व्यक्ति अकेला नहीं था। उसकी सफलता में समाज की भूमिका थी और समाज की समृद्धि में व्यक्ति की भूमिका थी। यही सहकारिता आज भी हमारे लिए सबसे बड़ा संदेश है। अग्रसेन विचारों को जीवन में उतारने का समय महाराजा अग्रसेन की जयंती मनाना तभी सार्थक होगा, जब हम उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें। यदि हम किसी जरूरतमंद परिवार की सहायता करें, किसी युवा को रोजगार के लिए प्रेरित करें, किसी विद्यार्थी की शिक्षा का जिम्मा उठाएं, अस्पताल या विद्यालय के निर्माण में सहयोग करें, समाज को संगठित करें और राजनीति में योग्य लोगों को आगे बढ़ाएं— तो यही महाराजा अग्रसेन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज आवश्यकता केवल महाराजा अग्रसेन के नाम का स्मरण करने की नहीं, बल्कि उनकी विचारधारा को व्यवहार में उतारने की है। समता, सहकारिता, उद्यमशीलता, न्याय और लोककल्याण—ये पांच ऐसे स्तंभ हैं, जिन पर महाराजा अग्रसेन की विचारधारा खड़ी दिखाई देती है। यदि समाज इन मूल्यों को अपनाए, तो न केवल अग्रवाल समाज बल्कि संपूर्ण राष्ट्र अधिक मजबूत और समृद्ध बन सकता है। महाराजा अग्रसेन का संदेश स्पष्ट है—समाज की वास्तविक संपन्नता तभी है, जब उसकी समृद्धि में हर व्यक्ति की भागीदारी हो और उसकी प्रगति में समाज का हाथ हो। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल इतिहास के पन्नों में न रखें, बल्कि वर्तमान की चुनौतियों का समाधान बनाने के लिए उन्हें अपने आचरण और सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा बनाएं। यही महाराजा अग्रसेन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 11 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 6