श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार की मेजबानी में नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल और चौराहा पर कल दूधिया रोशनी में हजारों मातृशक्ति और समाजबंधुओं की मौजूदगी में जगमगा उठा। सैकडों दीपों से प्रज्जवलन भी किया गया। नर्मदापुरम से आए पं. अविनाश शास्त्री और उनके 8 साथियों ने परम्परागत वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच काशी के मणिकर्णिका घाट, हरिद्वार की हर की पौड़ी, नर्मदापुरम के सेठानी घाट एवं महेश्वर के अहिल्या घाट पर होने वाली महाआरती के जीवंत दर्शन की प्रस्तुतियों से मन मोह लिया। संगीता अरविंद बागड़ी ने बताया कि चौराहा पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी महालक्ष्मी के जयघोष से गूंज उठा। प्रतिमा के आसपास एलईडी और एलसीडी की मदद से गंगा एवं नर्मदा के प्रवाह तथा सुंदर घाटों के दृश्यों ने इस महाआरती को जीवंत बना दिया। अपने-अपने घरों से पूजा की थाली सजाकर लाई 200 से अधिक महिलाओं और परंपरागत मारवाड़ी गुलाबी परिधान में सज-धजकर आई 500 से अधिक महिलाओं ने पितृ पुरुष की भावपूर्ण आरती प्रस्तुत की। अशोक ऐरन, टीकमचंद गर्ग, दिनेश मित्तल, गोविन्द सिंघल, राजेश बंसल, कुलभूषण मित्तल कुक्की, प्रकाश मोमबत्ती सहित अन्य अतिथि थे। किरण तायल, निर्मला जिंदल, ज्योति अग्रवाल, उषा बंसल, पुष्पा गुप्ता, मीरा गोयल, शीतल तोड़ीवाला, चंचल अग्रवाल, अर्पिता सोनू अग्रवाल, मेघा अग्रवाल पीपल्याहाना, अनामिका अग्रवाल सहित विभिन्न महिला संगठनों ने आरती की थाली सजाने की स्पर्धा में शामिल बहनों का मार्गदर्शन किया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




