इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने की भलाई करना एक कलेक्शन एजेंट को महंगा पड़ गया। लिफ्ट लेने वाले शातिर बदमाश ने चलती बाइक पर पीछे बैठकर बड़ी सफाई से एजेंट के बैग की चेन खोली और उसमें रखे 19,585 रुपये चुराकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस के अनुसार फरियादी सौरभ यदुवंशी निवासी काशीपुरी कॉलोनी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया हसि। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे लालबाग से कलेक्शन कर कलेक्ट्रेट की ओर जा रहे थे। अर्जुन मल्टी के पास एक व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी, जिसे उन्होंने बाइक पर बैठा लिया और मजदूर चौक पर छोड़ दिया। बाद में भंवरकुआं क्षेत्र में ग्राहक के पास पहुंचकर बैग देखा तो चेन खुली थी और कलेक्शन के 19,585 रुपये गायब थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




