मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

लेनदेन का हिसाब करने गए छात्र पर हमला चाचा-भतीजों ने मिलकर पीटा, पत्थर मारा

भंवरकुआं थाना क्षेत्र के गुरमीत नगर स्थित एक हॉस्टल के बाहर लेनदेन के पुराने हिसाब-किताब को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। रुपये-पैसे की बात करने पहुंचे…

भंवरकुआं थाना क्षेत्र के गुरमीत नगर स्थित एक हॉस्टल के बाहर लेनदेन के पुराने हिसाब-किताब को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। रुपये-पैसे की बात करने पहुंचे एक छात्र के साथ तीन आरोपियों और उनके साथियों ने मिलकर लात-घूंसे से जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने भारी पत्थर उठाकर छात्र के हाथ पर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी बलराज जाट पिता दशरथ जाट निवासी बड़नगर, जिला उज्जैन हाल मुकाम शिवमपुरी, उज्जवल हॉस्टल ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपने पुराने पैसों के लेनदेन का हिसाब-किताब करने के लिए गुरमीत नगर स्थित प्राइम स्टे हॉस्टल के पास गया हुआ था। जब बलराज वहां मौजूद राहुल पांडे से पैसों के लेनदेन की बात कर रहा था, तभी इसी बात को लेकर राहुल पांडे और उसका साथी चिराग फरियादी को गालियां देने लगे। जब बलराज ने उन्हें गाली- गलौज करने से मना किया, तो आरोपी राहुल और चिराग ने अपने चाचा कृपाशंकर पांडे और अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर बलराज को घेर लिया और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। विवाद के दौरान ही आरोपी कृपाशंकर पांडे ने पास पड़ा एक भारी पत्थर उठाया और बलराज के बाएं हाथ पर दे मारा, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया और काफी चोट आई। मारपीट के बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित छात्र भंवरकुआं थाने पहुंचा और अपनी आपबीती सुनाई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें