मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

खजराना दरगाह के सामने से कब्जे हटाए

जिला प्रशासन की पहल पर निगम ने की कार्रवाई

जिला प्रशासन की पहल पर इंदौर नगर निगम के द्वारा आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इसके तहत खजराना दरगाह के सामने वाले स्थान पर लोगों के द्वारा किए गए कब्जे हटाए गए।

नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन के साथ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में आज एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई के तहत नगर निगम की रिमूवल गैंग जिला प्रशासन और निगम के अधिकारियों के साथ खजराना स्थित नाहर शाह वाली दरगाह के सामने शासकीय भूमि पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची।

इस कार्रवाई के दौरान निगम के अमले ने लगभग 50 झोपड़े, 15 बड़े शेड, 8 दुकानें एवं 3 अवैध मकानों को हटाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस अभियान के माध्यम से बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इस दौरान भवन अधिकारी वैभव देवलासे, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं भवन निरीक्षक, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी साथ में ले जाया गया था। निगम अधिकारियों को आशंका थी कि जब कार्रवाई की जाएगी तो संभव है कि विरोध किया जाए। ऐसी स्थिति में हालात को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल को साथ में ले जाया गया था।

ध्यान रहे कि पिछले काफी समय से जिला प्रशासन के पास यह शिकायत आ रही थी कि दरगाह के सामने की सरकारी जमीन पर एक के बाद एक कब्जे किए जा रहे हैं। इन कब्जे के कारण उसे क्षेत्र से गुजरने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस तरह की शिकायतों के आधार पर ही आज की गई कार्रवाई के लिए योजना तैयार की गई थी। इस योजना के तहत दोनों विभागों की संयुक्त टीम के द्वारा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें