इंदौर। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की बेटियों ने मैदान में विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में पदक जीतते हुए इंदौर का नाम रोशन किया। इंदौर की कामाक्षी भारद्वाज, अनीशा तोलानी, अक्षिता सौरभ और अन्वी जैन ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी एथलेटिक्स स्पर्धा के पहले दिन मध्य प्रदेश के लिए पदक जीते।
प्रतिष्ठित ऑल इंडिया आइपीएससी स्पर्धा में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेती हैं। बालिका वर्ग में आयोजित स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ एमरल्ड हाइट्स स्कूल में अजय सहनी के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान टेक्निकल ऑब्जर्वर अजीत पाल गिल, वीरेंद्र सिंह और स्कूल के खेल अधिकारी अकरम खान मौजूद रहे। स्पर्धा में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। स्पर्धा के पहले दिन बालिकाओं की अंडर-17 आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की कामाक्षी भारद्वाज ने अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए 8.77 मीटर दूरी तक गोला फेंका और पहले स्थान पर रहीं। डेली कॉलेज इंदौर की वृंदा राठौड़ 8.53 मीटर के साथ दूसरे तथा लॉरेंस स्कूल लवडेल की आराध्या तोमर 7.88 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं अंडर-19 आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में बिड़ला बालिका विद्यापीठ की अंशुल ने 9.08 मीटर के प्रदर्शन के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। पीपीएस नाभा की सरगुन कौर 7.81 मीटर के साथ दूसरे तथा द हैदराबाद पब्लिक स्कूल की श्रेष्ठा रेड्डी 7.81 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
बालिकाओं की अंडर-14 आयु वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में इंदौर का दबदबा दिखा। इंदौर के डेली कॉलेज की खिलाड़ी अक्षिता सौरभ ने स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने 1.33 मीटर की छलांग सफलतापूर्वक करते हुए पहला स्थान हासिल किया। स्पर्धा का रजत पदक भी इंदौर की बेटी को मिला। मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल की अनीशा तोलानी ने 1.29 मीटर की छलांग लगाते हुए रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-17 आयु वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक इंदौर के खाते में आया। इंदौर के डेली कॉलेज की अन्वी जैन ने 13:19.027 सेकंड समय के समय के साथ स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स की सुहाना सैनी को दूसरा और अजमेर के मेयो कॉलेज की काशवी बागड़ी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ आयोजित हुई। अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल में तमिलनाडु के लॉरेंस स्कूल लवडेल की आद्या साहू ने स्वर्ण पदक जीता। आद्या ने यह दूरी 12:54.328 सेकंड समय में पूरी की।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




