देहात क्षेत्र सिमरोल थाना के चोरल गांव में महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली गई। मृतका के बेटे ने परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि परिवार के ही लोग लगातार कोर्ट केस को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे आहत होकर उवकी मां ने यह कदम उठाया। बताते है कि ग्राम चोरल निवासी 45 वर्षीय अमरलता पति रतन ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मामले में मृतका के बड़े बेटे अशोक के मुताबिक, उसके छोटे भाई अभिषेक पर अपने ही चाचा सुरेश की हत्या का आरोप था और वह इस मामले में जेल में बंद था। कुछ समय पूर्व ही अभिषेक न्यायालय से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। जमानत पर बाहर आने के बाद से ही मृतक चाचा सुरेश के परिवार वाले रंजिश रखते हुए अभिषेक और उसके परिवार को लगातार डरा-धमका रहे थे। कल अभिषेक हत्या के मामले की पेशी के सिलसिले में महू कोर्ट गया हुआ था। कोर्ट से घर लौटने के बाद उसने अपनी मां अमरलता को पूरी बात बताई कि किस तरह चाचा के परिवार के लोग उसे कोर्ट परिसर और रास्ते में दोबारा अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। छोटे बेटे को मिल रही लगातार धमकियों और भविष्य की चिंता से मां अमरलता मानसिक तनाव और सदमे में आ गईं। इसी प्रताड़ना और डर से परेशान होकर उन्होंने देर रात घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




