सोमवार, 23 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

पहले पानी फिर पैसा: अब नल में सप्लाई शुरू होने पर ही लगेगा जलकर

अमृत-2.0 में पहली बार बदली जलकर वसूली की व्यवस्था, नई लाइन से कनेक्शन लेने वालों को मिलेगी राहत

पहले पानी फिर पैसा: अब नल में सप्लाई शुरू होने पर ही लगेगा जलकर

अब नगर निगम नल कनेक्शन देने के साथ ही रहवासियों को पानी का बिल नहीं थमाएगा। नई पाइप लाइन से कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं से निगम उसी दिन से जलकर वसूलना शुरू करेगा, जिस दिन उनके नल में पानी पहुंचने लगेगा। यानी पानी की सप्लाई शुरू होने से पहले उपभोक्ताओं को जलकर नहीं चुकाना होगा। अमृत-2.0 योजना के तहत निगम ने पहली बार यह व्यवस्था लागू की है। इससे उन रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें पहले कनेक्शन लेने के बाद पानी की सप्लाई शुरू होने से पहले ही बिल भरना पड़ता था। हालांकि, यह सुविधा केवल उन उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिन्हें नई पाइप लाइन से पहली बार कनेक्शन दिया जा रहा है। पुरानी पाइप लाइन से कनेक्शन लेने वालों को पहले दिन से ही जलकर देना होगा।

42 टंकियों से 1.45 लाख नए कनेक्शन

अमृत-2.0 के तहत शहर में 42 नई पानी की टंकियां बनाई जाना हैं। इनमें से 26 स्थानों पर निर्माण शुरू हो चुका है। पालदा, शिव सिटी, बांगड़दा, विद्या पैलेस, पंचकुइया के पीछे, संगम नगर, निरंजनपुर, रेवेन्यू नगर, स्कीम-54, सी-21 मॉल के पास और कंचनबाग सहित अन्य क्षेत्रों में टंकियां बनाई जा रही हैं। इनसे जुड़ी नई सप्लाई लाइनें भी बिछाई जा रही हैं। निगम का लक्ष्य इन टंकियों के माध्यम से 1 लाख 45 हजार नए नल कनेक्शन देना है।

50 से ज्यादा क्षेत्रों में बदल रही पुरानी लाइन

शहर में 45 से 50 साल पुरानी नर्मदा की पाइप लाइनों को बदलने का काम भी शुरू किया गया है। घर-घर सर्वे के बाद 50 से अधिक क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है। जर्जर और फूटी लाइनों के कारण कई जगह गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं। निगम का दावा है कि अगले दो महीने में लाइन बदलने का काम पूरा कर लिया जाएगा।

दो लाख कनेक्शन भी होंगे चेंज

शहर में फिलहाल करीब 3 लाख नल कनेक्शन हैं। इनमें से 2 लाख कनेक्शन नई पाइप लाइन के हिसाब से बदले जाएंगे। जलप्रदाय विभाग के प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू के मुताबिक, नई व्यवस्था में पानी की सप्लाई शुरू होने के बाद ही जलकर लिया जाएगा।

मुख्य बिंदु

  • 42 नई टंकियां: अमृत-2.0 में शहर में निर्माण होना है।
  • 26 टंकियों पर काम शुरू: इनके साथ नई सप्लाई लाइनें भी बिछ रही हैं।
  • जीरो पर कनेक्शन: नई लाइन से कनेक्शन लेने पर पहले से जलकर नहीं देना होगा।
  • पानी आएगा, तभी बिल आएगा: सप्लाई शुरू होने की तारीख से जलकर लगेगा।
  • 50 से ज्यादा क्षेत्रों में लाइन बदलेगी: 45-50 साल पुरानी नर्मदा लाइनें होंगी नई।
  • दो महीने की समयसीमा: निगम का लाइन बदलने का काम पूरा करने का दावा।
  • 2 लाख पुराने कनेक्शन बदलेंगे: मौजूदा 3 लाख कनेक्शनों में से।
  • 1.45 लाख नए कनेक्शन: 42 नई टंकियों के माध्यम से देने की योजना।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 23 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 23 November 2026, पृष्ठ 4