पालीवाल ब्राह्मण समाज से जुड़े एवं इंदौर के दामाद पालीवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मण जोशी के दामाद पद्मश्री डॉ. श्यामसुंदर पालीवाल का एक बार फिर ‘कौन बनेगा करोड़पति केबीसी’ में जलवा दिखा। कल के विशेष एपिसोड में सदी के महानायक केबीसी के होस्ट अमिताभ बच्चन ने खुद पालीवाल के राजसमंद स्थित गांव पिपलांत्री और उनके बारे में दर्शकों को बताया कि किस तरह पालीवाल ने अपनी दिवंगत बेटी किरण के निधन के बाद पेड़ लगाकर हरियाली का जो अलख जगाया इसके बाद तय हुआ कि गांव में अगर कोई भी बेटी जन्म लेती है तो उसके जन्मदिन पर खुशियां मना कर 111 पेड़ लगाकर बेटी का स्वागत किया जाएगा। पालीवाल द्वारा शुरू की गई इस अनूठी प्रथा को गांववासियों के साथ आसपास के गांव वालों ने भी अपनाया और आज सूखे से ग्रस्त गांव पिपलांत्री जहां 1000 फीट से भी ज्यादा नीचे वाटर लेवल चला गया था वहां अब लाखों पेड़ लगाने के बाद वहां का वॉटर लेवल चमत्कारिक रूप से 100 से 150 फीट पर पहुंच गया जिससे आसपास भी हरियाली हो गई और आज सूखे से ग्रस्त गांव में लहराते हुए लाखों पेड़ हरियाली की अलख जगा रहे है। बेटी के जन्म पर 111 पेड़ लगाने की अनूठी प्रथा की शुरुआत पूर्व सरपंच पद्मश्री पालीवाल ने 2007 में अपने गाँव पिपलांत्री से की थी। इसके साथ बेटी के नाम पर 31 हजार की एफडी भी की जाती है, जो राशि बेटी के बड़ी होने पर उसके भविष्य को उज्जवल बनाने में शिक्षा और फिर शादी के खर्च में काम आती है। जिसकी सराहना अमिताभ बच्चन से लेकर बॉलीवुड के एक्टर अक्षय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। यही नहीं पालीवाल को कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं और राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित भी किया गया। कल विशेष रूप से अमिताभ बच्चन ने केबीसी में पालीवाल के बारे में बताया कि किस तरह से उन्हें संघर्ष करके अपने गांव को सूखे से हरियाली के कन्या वन के रूप में तब्दील किया। साथ ही अमिताभ बच्चन ने यह भी कहा कि हमारा सौभाग्य है कि कुछ साल पहले पालीवाल केबीसी में आए थे और हमारे साथ कर्मवीर के स्पेशल एपिसोड में उन्होंने केबीसी गेम शो में भी हिस्सा लिया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




