भारत सरकार द्वारा कल घोषित किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम के साथ ही इंदौर ने गौरव का ताज खो दिया है। इंदौर को अब तक स्वच्छता में अव्वल होने के लिए पहचाना जाता था। अब इंदौर के हाथ से यह पहचान भी चली गई है।
पिछले 10 साल में इंदौर की पहचान देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में ही बनकर तैयार हुई थी। इस पहचान पर संकट के बादल तो उस समय से ही मंडराने लगे थे जब सूरत हमें बराबरी से टक्कर दे रहा था। इसके बाद भी इंदौर ने अपने मुकाम को कायम रखा था। बाद में यह स्थिति बन गई थी कि इंदौर को स्वच्छता का ताज सूरत के साथ शेयर करना पड़ा था। सूरत तो अभी भी देश के दूसरे नंबर का सबसे स्वच्छ शहर है लेकिन हम पहले नंबर पर नहीं रह सके। कल भारत सरकार के द्वारा दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किए गए कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणामों की घोषणा के साथ ही अलंकरण का समारोह हुआ।
इस आयोजन में पहली बार स्वच्छ शहर जोड़ी श्रेणी शामिल की गई। इस श्रेणी में पहले स्थान पर अहमदाबाद सानंद की जोड़ी रही जबकि दूसरे स्थान पर इंदौर देपालपुर की जोड़ी आई। भारत सरकार के द्वारा सभी अच्छी स्वच्छता वाले शहरों को कहा गया था कि वह अपने आसपास के एक शहर का चुनाव चयन कर ले और उस शहर को भी स्वच्छ बनाने का काम करें। इसमें इंदौर ने मात्र 20 हजार की आबादी वाले शहर देपालपुर का चयन किया जबकि अहमदाबाद ने 2 लाख की आबादी वाले साणंद का चयन किया।
निश्चित तौर पर 20 हजार की आबादी वाले शहर में काम करने और 2 लाख की आबादी वाले शहर में काम करने में एक बड़ा अंतर आ जाता है। इस अंतर का लाभ अहमदाबाद को मिला और वह इस नई श्रेणी में नंबर एक पर पहुंच गया। इंदौर को 20 हजार वाले शहर को स्वच्छ बनाने का कोई विशेष लाभ नहीं मिल सका। इंदौर इस नई श्रेणी में दूसरे नंबर पर होने के आधार पर खुश हो सकता है लेकिन यह कोई उपलब्धि नहीं है।
अब तक कहां जा रहा था कि सुपर लीग में शामिल किए गए शहरों को कोई रैंकिंग नहीं दी जाएगी। इस परंपरा को तोड़ते हुए कल भारत सरकार में सुपर लीग के शहरों में भी नंबर 1, 2, 3 घोषित कर दिया और इसमें इंदौर का नाम कहीं नजर नहीं आया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 12 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






