इंदौर। एमरल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल में आयोजित अंतरशालेय स्क्वैश चयन प्रतियोगिता में सोमवार को विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में इंदौर के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए इंदौर जिला स्क्वैश टीम का चयन किया जाएगा। अंडर-14 बालक वर्ग में एमरल्ड हाइट्स वर्ल्ड स्कूल के कुशाग्र अग्रवाल ने माउंट इंडेक्स इंटरनेशनल स्कूल के अगम मोयाडे को 2-0 से, प्रियां कटारिया ने श्री सत्य साई विद्या विहार स्कूल के अभ्युदय सिंह पंवार को 2-0 से तथा मनीत सरड़ीवाल ने द वेदांश इंटरनेशनल स्कूल के गुरसाहिब सिंह को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। अंडर-14 बालिका वर्ग में काव्या झावर ने न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल की आकृति बामनिया को 2- 0 से तथा पहल सतवानी ने द वेदांश इंटरनेशनल स्कूल की हीरल जैन को 2-0 से मात दी।
अंडर-17 बालिका वर्ग में अलिश्मा राजपूत ने द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल (नॉर्थ कैंपस) की माही मेहता को 2-0 से तथा विहाना बत्रा ने माउंट इंडेक्स इंटरनेशनल स्कूल की अस्मा पटेल को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-19 बालिका वर्ग में न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल की गौरी बंसल ने एमरल्ड हाइट्स की आस्था अग्रवाल को 2-0 से तथा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की दृष्टि जेठवानी ने खुशी भाला को 2-0 से पराजित किया। अंडर- 19 बालक वर्ग में एमराल्ड हाइट्स के शुभ अग्रवाल ने न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल के हर्षिल अग्रवाल को 2-0 से हराया, जबकि द शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल (झलारिया) के अव्यन पाटनी ने न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल के दक्ष अग्रवाल को 2-0 से शिकस्त दी। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के समापन पर चयनित खिलाड़ियों की इंदौर जिला टीम घोषित की जाएगी, जो आगामी संभागीय एवं राज्य स्तरीय स्क्वैश प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भ्रष्टाचार रोधी संहिता के उल्लंघन के मामले में सख्त कदम उठाते हुए अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बोडुगुम अखिलेश रेड्डी पर 8 साल का बैन लगा दिया है। हैदराबाद में पले बढ़े 26 वर्षीय रेड्डी भारत में सनराइजर्स हैदराबाद के नेट गेंदबाज और विजय हजारे ट्रॉफी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अमेरिका के लिए चार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। यूएई में आयोजित अबू धाबी टी10 लीग 2025 के दौरान मैच फिक्स करने की कोशिश दूसरे खिलाड़ी को उकसाने और जांच में बाधा डालने जैसे तीन गंभीर आरोपों में दोषी पाए जाने के बाद उन पर यह गाज गिरी है। आईसीसी ट्रिब्यूनल द्वारा सुनाया गया यह प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से लागू माना जाएगा जब रेड्डी को पहली बार अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। इस फैसले के बाद अब वह 21 नवंबर 2033 तक किसी भी स्तर के क्रिकेट या उससे जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। उस वक्त तक उनकी उम्र 34 वर्ष से अधिक हो चुकी होगी। टी10 लीग में एस्पिन स्टैलियंस टीम के लिए खेलते हुए मैच के नतीजों और प्रदर्शन को गलत तरीके से प्रभावित करने की उनकी साजिश के पुख्ता सबूत मिलने पर ट्रिब्यूनल ने यह कड़ी सजा तय की है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




