इंदौर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड कमांडो ने इंदौर में बड़ा साझा अभ्यास किया। शहर के तीन प्रमुख स्थानों डेली कॉलेज, एयरपोर्ट और राजवाड़ा पर सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर मॉक ड्रिल को अंजाम दिया। सबसे लंबा और गहन अभ्यास डेली कॉलेज परिसर में किया गया, जो करीब 5 से 6 घंटे तक चला। इस दौरान मुख्य भवन में 5-6 आतंकवादियों द्वारा लोगों को बंधक बनाए जाने का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया था। कमांडोज ने स्मोक बम का इस्तेमाल कर रणनीतिक तरीके से इमारत में प्रवेश किया और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने के कौशल को परखा। इसके अलावा, इंदौर एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल भवन पर आतंकवादियों के हमले और यात्रियों को बंधक बनाए जाने की स्थिति पर सुरक्षा एजेंसियों के रिस्पॉन्स टाइम की जांच की गई। वहीं, देर रात भीड़भाड़ वाले ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में भी कमांडो टीम ने सुरक्षा का जायजा लेने के लिए अभ्यास किया। इस हाई-वोल्टेज ड्रिल का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत रखना और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को परखना था।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



