मूसाखेड़ी रिंग रोड चौराहे पर फ्लाई ओवर निर्माण कार्य में मेडिस्टा हॉस्पिटल वाली लाइन में अधूरी सर्विस रोड़ की लंबे समय से अनदेखी भारी पड़ रही है। हालात यह है कि पिंक सिटी रिंगरोड से तीन इमली सर्विस रोड़ की ओर से आने वाले वाहन चालक संकरी रोड के पास खुदाई के कारण परेशान हो रहे हैं।
दूसरी तरफ मेडिस्टा हॉस्पिटल के पीछे से नेमावर रोड़ की ओर से आने वाले वाहन चालकों के आपस में गुत्थम – गुत्था होने से यहां श्रीकृष्ण नगर मेनरोड के सामने वाले मुख्य प्वाइंट पर सुबह – शाम भारी जाम की स्थिति रांग साइड आने वाले वाहन चालकों के कारण बन रही है। बावजूद इसके ब्रिज निर्माण करने वाली एमपी आरडीसी विभाग द्वारा निर्माण कार्य के लिए अधिकृत ठेकेदार कंपनी के द्वारा सर्विस रोड निर्माण की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है।
पीटीएस से जुड़ी रोड़ पर आधी से ज्यादा सर्विस रोड़
तैयार-जबकि दूसरी तरफ पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय पीटीएस रोड़ से जुड़ी सर्विस रोड़ का निर्माण कार्य कुछ समय पहले शुरू किया गया था। जिसका आधे से ज्यादा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बाद के हिस्से में बाधक धर्मस्थल और सुलभ शौचालय हटाने के बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
सबसे बड़ी चुनौती बाधक नर्मदा लाइन की शिफ्टिंग
जबकि अब इस हिस्से में ज्यादा दिक्कत नहीं है। केवल यहां से गुजर रही बड़ी नर्मदा लाइन की शिफ्टिंग ही बड़ी चुनौती बनी है। इसके अलावा बाधक धर्मस्थल हटने से सर्विस रोड़ निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने में बड़ी राहत मिली है। बताया जा रहा है कि जहां से सुलभ शौचालय हटाया गया है उस हिस्से के पास सर्विस रोड बनाने का काम शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद जहां से बाधक धर्म स्थल हटाया गया है वहां नर्मदा लाइन शिफ्टिंग के बाद उस हिस्से में भी जल्द सर्विस रोड निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं अब इस हिस्से में सबसे बड़ी बाधा और चुनौती बाधक नर्मदा लाइन की शिफ्टिंग है। इसके अलावा सभी मंदिरों को ब्रिज के बोगदो में व्यवस्थित विधि -विधान के साथ मंदिर नुमा प्लेटफार्म बनाकर शिफ्टिंग कर दिया गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




