वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, सुगमता एवं कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आईएफएमआईएस केयर्स थीम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम कल कलेक्टोरेट स्थित ई-दक्ष केन्द्र में प्रारंभ हुआ जो आज भी जारी है।
आयुक्त कोष एवं लेखा, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिला कोषालय इंदौर द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को वित्तीय नियमों, प्रक्रियाओं एवं आईएफएमआईएस पोर्टल के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस अधिकारियों को वित्तीय अधिकार पुस्तिका, कोषालय संहिता तथा वित्तीय कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों को पोर्टल के विभिन्न प्रावधानों एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी व्यावहारिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इसके साथ ही आईएफएमआईएस पोर्टल पर स्क्रॉल एवं रिपोर्ट संबंधी कार्यों तथा आईएफएमआईएस केयर्स कैम्प के अंतर्गत सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण मनीष दुबे, कविता खत्री, धर्मराज कोडले द्वारा दिया गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




