सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कंडीलपुरा के 50 नागरिकों के मकान पूरे टूटेंगे

निगम इन नागरिकों का व्यवस्थापन कर देगा फ्लैट

नगर निगम के द्वारा कंडीलपुरा में नई सड़क के निर्माण के लिए पहल शुरू कर दी गई है। इसके तहत कंदीलपुरा में 50 नागरिकों के मकान पूरे टूट जाएंगे ऐसी स्थिति में नगर निगम के द्वारा इन नागरिकों को फ्लैट दिए जाएंगे।

मास्टर प्लान में कंडीलपुरा की सड़क 100 फीट चौड़ाई की बताई गई है। नगर निगम के द्वारा जन सुविधा की दृष्टि से 80 फीट की चौड़ाई में ही सड़क के निर्माण का फैसला लिया गया है। इस 80 फीट की चौड़ाई में भी 150 मकान ऐसे हैं जिनके आंशिक हिस्से इस सड़क की चौड़ाई में आ रहे हैं। इन मकानों में तोड़फोड़ करने के बाद ही सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा। नगर निगम के द्वारा कराए गए सर्वे में यह स्पष्ट हो गया है कि किस मकान का कितना हिस्सा तोड़ना पड़ेगा।

निगम के अधिकारियों ने बताया कि कंडीलपुरा में 50 मकान ऐसे हैं जो कि पूरे ही तोड़ना पड़ेंगे। इन मकान को तोड़ने से इनमें रहने वाले परिवारों को नगर निगम को व्यवस्थापन करना होगा। निगम के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित की गई इमारत में इन रहने वाले नागरिकों को फ्लैट दिए जाएंगे। इसके लिए निगम की ओर से सर्वे पूरा हो गया है। अब निगम के द्वारा जिन लोगों के मकान पूरे टूटेंगे उन लोगों से बातचीत करते हुए निगम के खाली फ्लैट दिखाए जाएंगे और जिस स्थान पर जाना वे लोग पसंद करेंगे उस स्थान के फ्लैट को उन्हें आवंटित करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। नगर निगम के द्वारा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में कंडीलपुरा में सड़क का काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत मकान में तोड़फोड़ के निशान लगाने और तोड़फोड़ करने का काम सबसे पहले किया जाएगा। उसके बाद में सड़क की खुदाई करते हुए पानी और ड्रेनेज की लाइन का काम होगा। फिर जाकर सड़क का निर्माण कार्य किया जा सकेगा। निगम के अधिकारियों का कहना है कि जनता को सुविधा देने की दृष्टि से सड़क के निर्माण को बीच में शुरू कर दिया जाएगा और आसपास लाइन डालने का काम किया जाएगा।

जनता भी सहमत- न.गर निगम का कहना है कि क्षेत्र के नागरिक भी सड़क को चौडा करने की योजना से सहमत है। इन नागरिकों के द्वारा भी नगर निगम के साथ सहयोग करते हुए लगातार यह चर्चा की जा रही है कि सड़क की चौड़ाई में कौन से मकान कितने टूट जाएंगे। इन मकानों को कब किस तरह से तोड़ा जाएगा। मकान तोड़ने के लिए क्षेत्र के नागरिकों को कितना समय दिया जाएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें