इंदौर। शनाया सिंघवानी, काव्या जैन और तान्या अग्रवाल के जोरदार प्रदर्शन की मदद से मेजबान एमरल्ड हाइट्स स्कूल ने ऑल इंडिया आइपीएससी बैडमिंटन स्पर्धा में जीत के साथ मध्य प्रदेश की चुनौती मजबूत की। वहीं जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, मोहाली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल ने भी अपने मुकाबले जीते। एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह स्पर्धा अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में खेली जा रही है। अंडर-14 बालिका वर्ग में मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल को 2- 1 से हराया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से शनाया सिंघवानी, काव्या जैन और तान्या अग्रवाल ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं जयपुर की टीम में मीरा मलिक, तारिषी शेखावत और तन्वी मालपानी शामिल थीं। एक अन्य मैच में एमराल्ड हाइट्स स्कूल ने मोहाली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल को भी 2-1 से शिकस्त दी। अन्य मैचों में जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल ने दिल्ली के मॉडर्न स्कूल की टीम को 2-0 से, मोहाली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल ने रायपुर के राजकुमार कॉलेज की टीम को 2-0 से शिकस्त दी। अन्य मैचों में दिल्ली के डीपीएस की टीम ने इंदौर के डेली कॉलेज को 2-0 से पराजित किया। हालांकि डेली कॉलेज ने वापसी करते हुए दूसरे मैच में दिल्ली के मॉडर्न स्कूल को 2-1 से पराजित किया। कुछ अन्य मुकाबलों में रायपुर के राजकुमार कॉलेज ने देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल को 2-0 से, जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल ने हरियाणा के राय स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स की टीम को 2-0 से और जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की टीम ने दिल्ली के डीपीएस को 2-0 से हराया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




