न.प्र.)। शहर कांग्रेस के संगठन महामंत्री और रेलवे सलाहकार समिति सदस्य संजय बाकलीवाल ने पश्चिामी रेलवे इन्दौर मंडल प्रबंधक डीआरएम को पत्र लिखकर हेरिटेज ट्रेन के फेरे बढ़ाने एवं अधिक से अधिक पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। हेरिटेज ट्रेन के माध्यम से इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों के पर्यटकों को प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का आनंद लेने का अवसर मिलता है। वर्तमान में हेरिटेज ट्रेन सप्ताह में केवल दो दिन संचालित की जा रही है। यात्रियों में इसकी लोकप्रियता इतनी अधिक है कि 27 सितंबर तक की बुकिंग पूरी तरह फुल हो चुकी है। इससे यह स्पष्ट है कि आम पर्यटकों एवं दर्शकों में इस ट्रेन को लेकर काफी उत्साह और मांग है, लेकिन सीमित फेरों के कारण बड़ी संख्या में लोग यात्रा करने से वंचित हो रहे हैं। यह भी उल्लेखनीय है कि इस वर्ष हेरिटेज ट्रेन का संचालन पहले ही विलंब से प्रारंभ हुआ है। ऐसे में पर्यटन सीजन के दौरान इसके फेरे सीमित रहने से इंदौर के पर्यटन को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। बाकलीवाल ने पत्र में मांग की कि हेरिटेज ट्रेन के फेरों में तत्काल वृद्धि की जाए,संभव हो तो पर्यटन सीजन में इसे सप्ताह में अधिक दिनों तक चलाया जाए, यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त कोच अथवा अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराने पर विचार किया जाए, ऐसी व्यवस्था की जाए कि अधिक से अधिक आम पर्यटक एवं परिवार इस हेरिटेज ट्रेन की यात्रा का आनंद ले सकें। हेरिटेज ट्रेन इंदौर के पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूत करती है। यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए इसके फेरों में वृद्धि करना रेलवे, पर्यटन और आम जनता—तीनों के हित में होगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




