सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

शिक्षा व भर्ती में गड़बड़ी पर सरकार पूरी तरह विफल-पटवारी

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश के अनेक स्कूल जर्जर हैं, शिक्षकों की कमी है,…

शिक्षा व भर्ती में गड़बड़ी पर सरकार पूरी तरह विफल-पटवारी

प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश के अनेक स्कूल जर्जर हैं, शिक्षकों की कमी है, शिक्षा महंगी होती जा रही है और सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियों का भरोसा लगातार कम हो रहा है। भाजपा सरकार शिक्षा को विचारधारा की प्रयोगशाला बना रही है और युवाओं के भविष्य को बेरोजगारी की ओर धकेल रही है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर आगामी 19 सितंबर को इंदौर स्थित भारत जोड़ो मैदान रीजनल पार्क के सामने छात्रों की गूंज कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं व विद्यार्थियों से लगभग एक घंटे सीधा संवाद करेंगे। यह बात आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कही। पटवारी ने व्यापम एमपीईएसबी, पुलिस, नर्सिंग और एमपीपीएससी परीक्षाओं की कथित गड़बड़ियोंं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि 2020 से 2026 के बीच दर्जनों परीक्षाएं विवादों के घेरे में आई हैं। मध्यप्रदेश के 2026-27 बजट में शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति क्षेत्र के लिए 52,917 करोड़ रु. का प्रावधान बताया गया है, जबकि 2025-26 के संशोधित अनुमान में यह राशि 46,844 करोड़ रु. थी। उन्होंने कहा कि बजट प्रावधान बढ़ाए जाने के बावजूद जमीन पर जर्जर स्कूल, शिक्षकों की कमी और महंगी होती शिक्षा की स्थिति जस की तस है। प्रदेश के लाखों युवा आज रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। छात्र की गूंज आयोजन के संबंध में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ शिक्षा, रोजगार और भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राहुल गांधी के संवाद से पहले कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी और इसके बाद राहुल गांधी लगभग एक घंटे तक युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण के आधार पर पूरे प्रदेश से भारी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं के पहुंचने का अनुमान है। कार्यक्रम को लेकर पटवारी ने कहा कि आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर 10 लाख की राशि की मांग की गई। उन्होंने कहा अगर 10 लाख की जगह 1 करोड़ रुपये भी मांगते, तब भी हम देते, क्योंकि राहुल गांधी इस देश के युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर युवाओं के सवाल सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज से डरना बंद कर उनकी समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। इस दौरान सत्यनारायण पटेल, रीना बौरासी, शोभा ओझा, सज्जन वर्मा, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेडे, राजेश चौकसे, अशोक सिंह, मुकेश नायक, अमित चौरसिया सहित अन्य मौजूद थे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें