नगर निगम के द्वारा अब गर्मी के असर को कम करने के लिए काम किया जाएगा। इसके लिए निगम के द्वारा निजी क्षेत्रों के साथ एग्रीमेंट किया गया है। इसके तहत महिलाओं बच्चों वरिष्ठ नागरिकों को गर्मी के तेज प्रभाव से बचाने और सुरक्षित रखने का काम किया जाएगा।
बढ़ते तापमान एवं जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के उद्देश्य से महिला हाउसिंग ट्रस्ट एवं इंदौर नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर वूमेन-लेड इन्क्लूसिव हीट एक्शन प्लान का आधिकारिक शुभारंभ इंदौर मैरियट होटल में आयोजित किया गया। इस पहल को एच.टी. पारेख फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त है। इस अवसर पर इंदौर के लिए तैयार किए गए महिला-नेतृत्व वाले समावेशी हीट एक्शन प्लान का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया, जिसमें अत्यधिक गर्मी के प्रभाव को कम करने तथा नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों एवं अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा हेतु प्रस्तावित रणनीतियों की जानकारी दी गई। यह हीट एक्शन प्लान अर्ली वार्निंग सिस्टम, जन-जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी, संवेदनशील समुदायों की सुरक्षा, विभिन्न विभागों के समन्वय तथा दीर्घकालीन शहरी नियोजन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आधारित है। इसकी विशेषता यह है कि इसे स्थानीय समुदायों, विशेषकर प्रशिक्षित महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ तैयार किया गया है, जिससे यह योजना स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी एवं समावेशी बन सके। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि यह योजना इंदौर को हीट रेजिलिएंट शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, नागरिकों में गर्मी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न जोखिमों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों एवं हितधारकों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें हीट एक्शन प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सामुदायिक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




