निगम के जिम्मेदार अफसर और कर्मचारियों की लापरवाही से आए दिन शहर के नागरिक किसी न किसी हिस्से में खुदाई और आधी अधूरी सड़क और गड्ढों से परेशान है। वहीं अब शहर के बीच गीताभवन चौराहे के पास संकट मोचन हनुमान मंदिर के सामने लंबे समय से सड़क के बीचो- बीच निगम द्वारा गड्ढा खोदकर जिम्मेदार अधिकारी और निगम कर्मचारी भूल गए हैं। जिसके कारण इस गड्ढे में गंदा पानी जमा होने से चारों ओर बदबू फैल रही है। यही नहीं आसपास के रहवासी और ट्रैफिक की लाइन में सिग्नल पर खड़े सैकड़ो वाहन चालक भी रोजाना परेशान हो रहे हैं।
बारिश के गंदे पानी की बदबू से खड़े नहीं हो पा रहे चौराहा पर लोग- इधर,
गीताभवन चौराहे के पास स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के पुजारी गौरव भारद्वाज ने बताया पिछले करीब डेढ़ से दो माह से यहां गड्ढा खुदा हुआ है। इसके चारों और बेरिगेटिंग करके गड्ढे को ऐसे ही छोड़ दिया गया है। जिसके कारण सिग्नल पर जब वाहनों की कतार लगती है वहां चालकों को परेशानी हो रही है साथ ही ड्रेनेज और बारिश के गंदे पानी की बदबू से आसपास के निवासी और मंदिर आने वाले श्रद्धालु भी परेशान हो रहें है। जिसको लेकर कई बार निगम के जिम्मेदारों को शिकायत कर दी लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके कारण सुबह शाम सिग्नल पर खड़े रहने वाले वाहन चालक लंबे समय से गड्ढे और गंदे पानी की बदबू से परेशान हो रहें है। लेकिन हालात यह है कि इसके जिम्मेदार अफसर और कर्मचारी लंबे समय से इस मामले में अनदेखी कर सुध नहीं ले रहे हैं। जबकि गीताभवन चौराहे पर अंबेडकर प्रतिमा के ठीक पीछे चौराहे से बेहद नजदीक मेंनरोड पर बगैर किसी काम के गड्ढा लंबे समय से खुदा हुआ है। यही नहीं यहां कोई काम भी नहीं चल रहा है। इसलिए लोगों में इसको लेकर नाऱाजगी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




