मंत्री तुलसीराम सिलावट के सांवेर विधानसभा के ग्राम बालोदा टाकून में कृषि सिंचाई की बिजली दिन में करीब 10 से 12 बार बंद- चालू होने से किसान भारी परेशान हैं। वर्षा की कमी के बीच किसान फसल बचाने के लिए सिंचाई पर निर्भर हैं, लेकिन लगातार ट्रिपिंग और फॉल्ट से सिंचाई प्रभावित हो रही है। भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के अध्यक्ष बबलू जाधव ने पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक को शिकायत भेजकर कृषि लाइन एवं ट्रांसफार्मरों का तत्काल विशेष मेंटेनेंस कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। जाधव ने कहा कि किसानों की शिकायतों के बावजूद लाइनमैन द्वारा फोन नहीं उठाने और शिकायतों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। किसानों के नंबर ब्लैकलिस्ट किए जाने के आरोपों की भी जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। बबलू जाधव ने मांग की कि लाइनमैन को बालौदा टाकून से हटाकर जिम्मेदार कर्मचारी की नियुक्ति की जाए। शीघ्र समाधान नहीं होने पर किसानों द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




