सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

फर्जी डिग्री से इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर का भंडाफोड़

अवैध क्लिनिक सील, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मारा छापा; बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे दवाखाने का संचालक गिरफ्तार

इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र के ग्राम दतोदा में फर्जी डिग्री के सहारे मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे एक झोलाछाप डॉक्टर के काले कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना किसी वैध लाइसेंस और पंजीयन के संचालित हो रहे अवैध क्लिनिक पर औचक छापेमारी की। मौके से अनाधिकृत रूप से प्रैक्टिस कर रहे आरोपी को दबोच लिया गया, जिसके बाद क्लिनिक को सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, महू के मुख्य विकास खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश सिंगारे की शिकायत पर आरोपी पारितोष विश्वास पिता प्रमोथन विश्वास, निवासी दतोदा लालघाटी के खिलाफ मध्य प्रदेश आयुर्वेदिक अधिनियम, उपचार गृह अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। बीएमओ ने बताया कि लालघाटी क्षेत्र में लंबे समय से एक फर्जी डॉक्टर द्वारा अवैध दवाखाना चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की तस्दीक के बाद स्वास्थ्य विभाग और सिमरोल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शाम करीब 6 बजे चिन्हित ठिकाने पर दबिश दी। जांच- पड़ताल के दौरान आरोपी के पास इलाज करने से जुड़ी कोई वैध मेडिकल डिग्री या क्लिनिक संचालन का वैध पंजीयन नहीं मिला। आरोपी फर्जी और अनाधिकृत दस्तावेजों के आधार पर क्षेत्र के ग्रामीणों का इलाज कर रहा था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया और जब्त दवाओं व उपकरणों के आधार पर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें