मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

बिजली का बिल अपडेट करने के नाम पर धोखाधड़ी

लिंक भेजकर हैक किया मोबाइल, क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 78 हजार रुपये

तुकोगंज थाना क्षेत्र में बिजली बिल का भुगतान और अपडेट करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से हजारों रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शातिर साइबर ठग ने पीड़ित के मोबाइल पर एक लिंक भेजी और फोन हैक कर क्रेडिट कार्ड से 78 हजार 989 रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंचम की फेल निवासी फरियादी बाबूलाल पिता ओमप्रकाश जोनवाल ने तुकोगंज थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का संदेश और लिंक प्राप्त हुआ था, जिसमें बिजली का बिल बकाया होने और तुरंत भुगतान न करने पर कनेक्शन काटने की बात कही गई थी। झांसे में आकर जैसे ही फरियादी ने दिए गए लिंक पर क्लिक किया, शातिर आरोपी ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी में सेंधमारी करते हुए कार्ड से कुल 78 हजार 989 रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से पैसे कटने के मैसेज आने पर पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। तुकोगंज थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और संबंधित मोबाइल नंबर व ट्रांजैक्शन की पड़ताल की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें