इंदौर। क्वींस कॉलेज, इंदौर के तत्वावधान में बुधवार को आयोजित इंटरस्कूल एक्वेटिक चैंपियनशिप 2026 में शहर के 22 प्रतिष्ठित विद्यालयों के 210 प्रतिभाशाली तैराकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जल की लहरों को चीरते हुए युवा खिलाड़ियों ने अपनी गति, कौशल, आत्मविश्वास और अदम्य खेलभावना का परिचय दिया। रोमांचक प्रतिस्पर्धा के बीच क्वींस कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम का शुभारंभ क्वींस कॉलेज की पूर्व छात्राएं जया सिसोदिया, रौशनी राजानी तथा विद्यालय की प्राचार्या वर्षा जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में अंडर-8, अंडर-10, अंडर- 12, अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए कुल 18 तैराकी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें 25 एवं 50 मीटर प्री-स्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक तथा 4×25 एवं 4×50 मीटर प्री-स्टाइल रिले प्रमुख रहीं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




