सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

नींद में खलल ना पसंद…ऑटो में सो रहे युवक को गार्ड ने जगाया तो फोड़ा सिर

बिना अनुमति परिसर में घुसा था आरोपी, नाम- पता पूछने पर बौखलाया

इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र के अग्रसेन चौराहा स्थित एप्पल रेसिडेंसी में बिना इजाजत दाखिल होकर कर्मचारी के ऑटो रिक्शा में सो रहे एक युवक ने टोकने पर बुजुर्ग गार्ड के साथ जमकर मारपीट कर दी। आरोपी ने चैकिंग कर रहे सुरक्षाकर्मी के साथ गाली- गलौज की और विरोध करने पर उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गहरा घाव लगने से खून बहने लगा। पीड़ित बुजुर्ग गार्ड की शिकायत पर भंवरकुआं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, श्यामाचरण शुक्ला नगर निवासी 68 वर्षीय शांतिलाल सोलंकी ने भंवरकुआं थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी शांतिलाल ने बताया कि वह अग्रसेन चौराहे के पास स्थित एप्पल रेसिडेंसी में बतौर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। रोज की तरह जब वे परिसर की गश्त और चैकिंग कर रहे थे, तभी उनकी नजर वहां खड़े एक कर्मचारी के ऑटो रिक्शा पर पड़ी, जिसके भीतर एक अज्ञात युवक सोया हुआ था। संदिग्ध लगने पर गार्ड ने युवक को जगाया और रेसिडेंसी में बिना अनुमति आने की वजह पूछते हुए उसका नाम-पता जाना। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल पटेल बताया। जब गार्ड ने उसे बिना अनुमति परिसर में घुसने और ऑटो में सोने पर आपत्ति जताते हुए बाहर जाने को कहा, तो आरोपी राहुल भड़क गया और बुजुर्ग गार्ड को गालियां देने लगा। शांतिलाल द्वारा गाली-गलौच का विरोध करने पर आरोपी आपा खो बैठा और उसने बुजुर्ग गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान आरोपी ने शांतिलाल को धक्का दे दिया, जिससे वे असंतुलित होकर जमीन पर गिर पड़े। सिर के बल गिरने के कारण बुजुर्ग गार्ड को गंभीर चोट आई और तेज खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ। भंवरकुआं थाना पुलिस ने पीड़ित शांतिलाल सोलंकी की शिकायत पर दुर्गा नगर निवासी आरोपी राहुल पटेल पिता सुभाष पटेल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें