सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

घरों में दीपावली की सफाई शुरू, लोगों ने बेखौफ कचरा फेंकना किया शुरू

निगम को खुले स्थानों और रहवासी क्षेत्रों में दिखानी होगी सख्ती

दीपावली अभी दूर है, लेकिन शहर में कचरे का त्योहार शुरू हो गया है। घरों में रंगाई-पुताई और सफाई का दौर शुरू होते ही पुराना कबाड़, कपड़े, प्लास्टिक, कागज, लकड़ी और पुताई से निकला वेस्ट बड़ी मात्रा में बाहर आने लगा है। समस्या यह है कि लोग इसे कचरा गाड़ी में देने के बजाय रात के अंधेरे में बोरियों में भरकर खाली प्लॉटों और खुले मैदानों में फेंक रहे हैं। यानी जिस शहर ने स्वच्छता की मिसाल बनाई, उसी शहर में त्योहार की तैयारी के नाम पर खुले स्थानों को फिर कचरा डंपिंग ग्राउंड बनाने की कोशिश शुरू हो गई है।

पितृपक्ष में शुरू हो गई सफाई

अभी पितृपक्ष चल रहा है और नवरात्रि शुरू भी नहीं हुई है। इसके बाद दशहरा और दीपावली की सफाई का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में अभी से खुले में कचरा फेंकने की छूट रही तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। निगम के कर्मचारी भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं। दिन में सफाई के बाद रात में कौन कचरा डालकर चला गया, इसका पता लगाना मुश्किल हो रहा है। इसी का फायदा उठाकर लोगों के हौंसले बढ़ रहे हैं।

दीपावली पर 1500 टन से ज्यादा कचरा निकल चुका है

पिछली दीपावली पर इंदौर में 1500 टन से ज्यादा कचरा निकलने की रिपोर्ट सामने आई थी। 2025 में भी त्योहार के आसपास सामान्य दिनों के मुकाबले कचरे की मात्रा बढ़कर करीब 1350 से 1400 टन प्रतिदिन तक पहुंच गई थी। सामान्य दिनों में भी शहर में करीब 1100-1200 टन कचरा निकलता है।

समझाइश के साथ निगरानी और स्पॉट फाइन जरूरी

इस बार निगम को दीपावली के कचरे का इंतजार करने के बजाय पहले से मैदान संभालना होगा। रहवासी संघों की बैठक लेकर लोगों को अतिरिक्त सूखा कचरा कचरा गाड़ी में देने की व्यवस्था समझानी होगी। साथ ही खाली प्लॉट, खुले मैदान और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ानी होगी। जरूरत पड़े तो रात में गश्त और सीसीटीवी के जरिए कचरा फेंकने वालों की पहचान कर स्पॉट फाइन किया जाए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें