मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना में आवेदन जारी

भारतीय डाक विभाग द्वारा फिलेटली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का अवसर मिलेगा,…

भारतीय डाक विभाग द्वारा फिलेटली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का अवसर मिलेगा, 22 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कक्षा 6ठी से 9वीं के विद्यार्थियों को 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति में फिलेटली को प्रोत्साहन मिलेगा। इंदौर नगर संभाग में योजना के लिए विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रत्येक कक्षा से चयनित 10-10 विद्यार्थियों को एक वर्ष के लिए 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना के लिए पात्रता के अनुसार आवेदक का संबंधित विद्यालय में संचालित फिलेटली क्लब का सदस्य होना आवश्यक है। ऐसे विद्यालय, जहां फिलेटली क्लब संचालित नहीं है, वहां अध्ययनरत विद्यार्थी किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलेटली जमा खाता होने पर योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे। बिना सक्रिय फिलेटली जमा खाते के प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। विद्यार्थी का विगत परीक्षा परिणाम 60 प्रतिशत अथवा समकक्ष ग्रेड से अधिक होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को पात्रता में 5 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों का चयन दो स्तरों की प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। प्रथम स्तर पर लिखित क्विज परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी तथा परीक्षा का स्थान एवं समय प्रवेश पत्र के माध्यम से सूचित किया जाएगा। लिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों में समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान तथा खेल एवं संस्कृति से 5-5 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय फिलेटली से संबंधित 10 तथा राष्ट्रीय फिलेटली से संबंधित 15 प्रश्न होंगे। लिखित क्विज परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को चयन प्रक्रिया के दूसरे स्तर में फिलेटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। फिलेटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रोजेक्ट के विषयों की जानकारी विद्यार्थियों को पृथक रूप से दी जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा व्यय देय नहीं होगा। योजना में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित आवेदन पत्र अपने नजदीकी डाकघर से प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित प्रवर अधीक्षक डाकघर के कार्यालय के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र प्रेषित करने की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 14 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें