सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

दिग्गी का मीठा तंज… जारी की अभिनन्दन के लिए लिस्ट

मंत्री विजयवर्गीय का जताया आभार, कहा मुफ्त में हुआ प्रचार

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम की घोषणा होते ही चर्चा में इसलिए आ गया था क्योंकि पहले तो कार्यक्रम स्थल को लेकर गहमागहमी बनी रही। इधर प्रशासन के भी कई नियम- कायदे सामने आए थे। कांग्रेस लगातार आरोप भी लगाती रही और प्रशासन के सभी नियमों का सामाना भी करती रही। पूरा मामला भोपाल से लेकर दिल्ली तक सबके सामने आया इसके बाद अब दिग्विजय सिंह ने एक ट्विट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि दोनों हाथ उठाकर अभिनंदन करिये, उन्होंने कहा कि नगर निगम और जिला प्रशासन का धन्यवाद, जिन्होंने नेहरू स्टेडियम की अनुमति तुरंत खारिज कर दी, जिसके कारण रीजनल पार्क के समीप खुला और हवादार मैदान हमने ढूंढा। उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को भी विशेष आभार दिया और कहा कि मंत्रीजी के लिए सबसे अलग धन्यवाद बनता है, उन्होंने जबर्दस्त प्रचार किया, उन्होंने बिना पैसे में ऐसी पब्लिसिटी की कि जो छात्र नहीं आने वाले थे वे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद दिग्गी ने सुमित मिश्रा को भी धन्यवाद दिया और कहा कि महापुरुषों की तस्वीर लगाने की शर्त रखकर कार्यक्रम को राष्ट्रवादी कलेवर दे दिया। मुख्यमंत्री के लिए कहा कि उन्होंने राहुल को बयानों में म.प्र. आने का न्यौता दिया, और आखिर में आईडीए, पुलिस प्रशासन और रात में झूठ की गूंज के पोस्टर लगाने वालों को भी धन्यवाद दिया।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें