इंदौर। रतलाम से उदयपुर के बीच रेगुलर चलने वाली गाड़ी संख्या 19327 रतलाम उदयपुर सिटी एक्सप्रेस को इंदौर से चलाने को लेकर इंदोरियों की लगातार मांग उठ रही है। इंदौर से उदयपुर जाने वालों के लिए अभी वर्तमान में इंदौर से रोजाना एक ट्रेन वीर भूमि एक्सप्रेस चल रही है। इसमें हालत यह है कि हमेशा वेटिंग रहती है। यही नहीं कंफर्म सीट के लिए 100 से लेकर 130 रु. तक एक्स्ट्रा खर्च करना पड़ रहें है। जिसको लेकर पालीवाल ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज, गुर्जर समाज, माहेश्वरी समाज, सिंधी समाज से जुड़े यात्रियों में जमकर नाराजगी है। इनका कहना है कि ट्रेन को जबसे इंदौर उदयपुर की जगह गुजरात के आसावरा तक किया है तब से वीर भूमि ट्रेन में हमेशा वेटिंग रहने लगी है। जिसके कारण हमको कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। पालीवाल समाज से जुड़े किशनलाल जोशी (साकरोदा), प्यारेलाल जोशी (रिछेड़) का कहना है कि रतलाम से उदयपुर के बीच रोजाना शाम 5:10 बजे के आसपास चलने वाली ट्रेन को इंदौर से चलाया जाए ताकि यहां के हजारों यात्रियों को विकल्प के रूप में रात्रि में एक और ट्रेन मिल जाएगी। अभी वीर भूमि एक्सप्रेस इंदौर से रोजाना शाम 6:20 पर चलती है। रतलाम उदयपुर वाली ट्रेन नंबर 19327 इंदौर से 8:00 बजे बाद कभी भी चलेगी तो सुबह मावली-उदयपुर पहुंचेगी। जबकि अभी वीर भूमि मेवाड़ एक्सप्रेस ट्रेन इंदौर से शाम 6:20 पर चलकर आधी रात को 3:15 बजे मावली जंक्शन, 4:00 बजे उदयपुर पहुंचती है। ऐसे में यात्रियों का आधी रात को आगे अपने गांव जाने के लिए गंतव्य स्थान की यात्रा के लिए सुबह तक कोई साधन नहीं मिलते। इंदौर पालीवाल ब्राह्मण समाज 24 श्रेणी के अध्यक्ष राकेश जोशी, सचिव ललित पुरोहित बताते है जिसके कारण लोगों को मजबूरी में या तो दो से तीन हजार में टैक्सी कर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचना पड़ता है या फिर मजबूरी में परिवार के साथ आधी रात को रेलवे स्टेशन पर रात बिताना पड़ती है। क्योंकि आधी रात को न यहां से श्रीनाथद्वारा, कांकरोली चारभुजा दर्शन के लिए जाने के लिए कोई साधन नहीं मिलता। जिसके कारण लोगों को ठंड, गर्मी और बारिश में आधी रात को स्टेशन पर अपने परिवार के साथ रात बिताना पड़ती है। अगर रतलाम उदयपुर ट्रेन रात में चले तो सुबह 5:00 या 6:00 बजे के आसपास मावली और उदयपुर पहुंचेंगी। जिससे सुबह पहुंचने से यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए बस सहित अन्य साधन भी मिल जाएंगे। इससे ज्यादा पैसा भी खर्च नहीं होगा और लोगों का समय भी बचेगा।
गौरतलब है कि मीटर गेज लाइन के समय इंदौर से राजस्थान की कनेक्टविटी के लिए करीब आधा दर्जन ट्रेनें चलती थी। लेकिन बड़ी लाइन होने के बाद से एकमात्र वीर भूमि एक्सप्रेस ट्रेन चलती है। इसीलिए इंदौर के यात्रियों की मांग है कि रतलाम उदयपुर ट्रेन को इंदौर से चलाया जाए जिससे वह अपनी फुल क्षमता के साथ चलेगी। जबकि अभी रतलाम उदयपुर ट्रेन देर रात उदयपुर पहुंचती है और आधी रात 1:30 बजे उदयपुर से 2:20 बजे मावली से चलती है। सुबह आठ बजे वापसी में रतलाम पहुंचती है जो कि हमेशा खाली चल रही है। इंदौर से चलने पर पर्याप्त सवारी भी मिलेगी और लोगों की यह ट्रेन काम भी आएगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




