इंदौर नगर निगम के द्वारा खस्ताहाल सड़क को सही करने की तरफ ध्यान नहीं दिए जाने के कारण वहां पर मामूली बारिश में ही कीचड़ हो जाता है। इस स्थिति का अनोखे तरीके से विरोध करते हुए क्षेत्र के नागरिक आज अपने पार्षद के साथ इस कीचड़ में धरना देकर बैठ गए।
वैसे तो पूरे शहर में ही सड़कों की हालत खराब है। हर तरफ सड़क गड्डों से भरी हुई है। नगर निगम इन सड़कों के गड्ढे भरने का काम करने में भी अब तक पूरी तरह से नाकाम रहा है। निगम के द्वारा सड़कों को सही नहीं किए जाने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जब भी थोड़ा सा भी पानी आ जाता है तो यह गड्ढे वाली सड़क कीचड़ वाली सड़क के रूप में तब्दील हो जाती है। ऐसी सड़कों की स्थिति को सुधारने के लिए नागरिकों के द्वारा लगातार शिकायत की जाती है पार्षदों के द्वारा आवाज उठाई जाती है लेकिन उसका कहीं कोई परिणाम निकलकर सामने नहीं आता है।
कुछ ऐसी ही स्थिति नगर निगम के वार्ड क्रमांक 75 में बनी हुई है। यहां पर सड़क की हालत खराब है जिसके कारण कीचड़ हो गया है। इस स्थिति में आज इस क्षेत्र के पार्षद कुणाल सोलंकी अपने वार्ड के नागरिकों के साथ कीचड़ में ही धरना देकर बैठ गए। उनका कहना था कि नगर निगम को 25 बार इस समस्या के समाधान के लिए शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक निगम के अधिकारी कोई काम करने के लिए तैयार नहीं है। ऐसी स्थिति में अब विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका अपनाते हुए आज क्षेत्र के नागरिक और पार्षद सभी कीचड़ में जाकर बैठ गए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस समस्या के समाधान के लिए आवाज उठाते नजर आए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




