नगर निगम के द्वारा कोठारी मार्केट की पार्किंग को ठेके पर दिया जाएगा। इस पार्किंग से निगम ने 6 लाख रु. से ज्यादा की हर वर्ष की कमाई का लक्ष्य रखा है। निगम के ठेके के साथ ही यह पार्किंग सशुल्क हो जाएगी। इंदौर नगर निगम के द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित सार्वजनिक पार्किंग को निशुल्क कर दिया गया था। इसको करने के पीछे कारण यह था कि निगम के द्वारा जब व्यक्तियों के द्वारा वाहन की खरीदी की जाती है तो वाहन की कीमत के साथ में पार्किंग शुल्क के रूप में एक मुश्त राशि वसूल कर ली जाती है। ऐसे में नागरिकों से जब उनके द्वारा वाहन की पार्किंग की जाए तब अलग से वहां की पार्किंग का शुल्क वसूल करना उचित नहीं है। इस विचार के साथ निगम के द्वारा सारे शहर में वाहन पार्किंग को फ्री कर दिया गया था। केवल निगम या निजी ठेकेदार के द्वारा बनाए गए बहुमंजिला पार्किंग में वाहन लगाने पर ही शुल्क देने का प्रावधान रखा गया था।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एमवाय अस्पताल, कलेक्टर कार्यालय के वाहन के पार्किंग ठेके पर दिए गए हैं। इन स्थानों पर जाकर वहां पार्क करने पर व्यक्ति को पार्किंग का शुल्क चुकाना पड़ता है। पिछले कई सालों से चल रही इस व्यवस्था में अब नगर निगम के द्वारा परिवर्तन किया जा रहा है। नगर निगम के यातायात विभाग के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि कोठारी मार्केट में स्थित सार्वजनिक पार्किंग को अब फ्री पार्किंग से अलग हटकर शुल्क के साथ की जाने वाली पार्किंग के रूप में परिवर्तित कर दिया जाएं। कोठारी मार्केट के इस पार्किंग में केवल इस मार्केट में खरीदी करने आने वाले लोगों के द्वारा ही अपनी गाड़ियां पार्क नहीं की जाती है बल्कि आसपास के पूरे क्षेत्र में खरीदी करने के लिए आने वाले लोग अपनी गाड़ियां इसी पार्किंग में लगाते हैं। इस पार्किंग में बड़ी संख्या में गाड़ियां खड़ी की जाती है। वहां पर कोई पार्किंग शुल्क नहीं लगने के कारण इन गाड़ियों को व्यवस्थित लगवाने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं होता है। ऐसे में वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं।
इस स्थिति को बदलने के लिए नगर निगम के द्वारा अब कोठारी मार्केट के पार्किंग को ठेके पर देने का फैसला लिया गया है। इसके लिए नगर निगम के द्वारा 6.11 लख रुपए प्रतिवर्ष का शुल्क निर्धारित किया गया है। जो ठेकेदार इससे ज्यादा का शुल्क देने के लिए तैयार होगा उसे यह पार्किंग ठेके पर दे दी जाएगी। इसके लिए नगर निगम के द्वारा 3 नवंबर तक प्रक्रिया को पूरा करने की पहल की जा रही है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह पार्किंग प्रथम 5 वर्ष के लिए ठेके पर दी जा रही है। निगम का मानना है कि इस पार्किंग को ठेके पर देने से एक तरफ जहां राजस्व की प्राप्ति होगी तो वहीं दूसरी तरफ वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क करने का रास्ता भी खुल जाएगा। इसके बाद वहां पर कर्मचारी मौजूद होंगे जो कि वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क करवा सकेंगे। अभी बड़ी संख्या में लोग एमजी रोड पर कोठारी मार्केट के बाहर सड़क के किनारे अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इसके कारण यातायात में बाधा भी पैदा होती है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




