सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

जल संकट पर निगम आयुक्त बुलाएंगे जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों की बैठक

दीपावली बाद संकट गहराने की आशंका, कम बारिश के बीच अभी से पानी बचाने की तैयारी

इस वर्ष औसत से आधी से भी कम बारिश होने के कारण शहर में संभावित जल संकट को लेकर नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल जल्द ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पर्यावरणविदों और शहर के बुद्धिजीवियों की बैठक बुलाएंगे। बैठक में कम बारिश के कारण बनने वाली जल संकट की स्थिति और उससे निपटने के उपायों पर सुझाव लिए जाएंगे। निगम इन सुझावों के आधार पर पानी बचाने और जल संकट को नियंत्रित करने की कार्ययोजना तैयार करेगा। बारिश ही हुई है। कम बारिश के कारण जलस्रोतों और भूजल रिचार्ज को लेकर चिंता बढ़ गई है। निगम आयुक्त का कहना है कि बारिश की उम्मीद अब कम है, इसलिए अगले एक-दो माह में पानी बचाने के उपायों पर काम शुरू करना जरूरी है। माना जा रहा है कि दीपावली के बाद पानी की मांग और उपलब्धता के बीच अंतर बढ़ सकता है।

400 टैंकर अब भी सप्लाई में

जल संकट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गर्मी में शुरू की गई टैंकर व्यवस्था अभी पूरी तरह बंद नहीं हुई है। करीब 300 किराए के और 100 निगम के टैंकर, यानी लगभग 400 टैंकर अभी भी शहर में पानी सप्लाई कर रहे हैं। हालांकि गर्मी की तुलना में इनकी संख्या कम हुई है।

नए बोरिंग पर रोक की तैयारी

निगम ने जिले में नए बोरिंग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा निर्माण कार्यों में ट्रीटेड पानी का इस्तेमाल अनिवार्य करने की तैयारी है। आयुक्त ने कहा कि जिस तरह जून में निर्माण कार्यों में ट्रीटेड पानी का उपयोग किया गया था, उसी व्यवस्था को आगे भी बढ़ाना होगा।

गाड़ी धोने में पानी की बर्बादी पर जल्द पाबंदी

गली-मोहल्लों में गाड़ी धोने के दौरान पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी निगम सख्ती करेगा। इसके साथ ही आरओ प्लांट से निकलने वाले पानी की बर्बादी रोकने और उसके उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा।

अमृत योजना के काम जल्द पूरे करने के निर्देश

आयुक्त ने अमृत योजना 2.0 के तहत लगभग पूरे हो चुके कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। 70 प्रतिशत या उससे अधिक पूरे हो चुके कार्यों को अगले दो माह में पूरा करने और नवंबर तक लंबित कार्यों को गति देने की तैयारी है।

कम बारिश से जलस्रोत भी चिंताजनक

कम बारिश का असर शहर के जलस्रोतों पर भी दिखाई दे रहा है। हालिया रिपोर्टों में प्रमुख तालाबों में अपेक्षित पानी नहीं आने और भूजल स्तर को लेकर चिंता जताई गई है। नगर निगम के बोरिंग की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण रही है। ऐसे में निगम के सामने तत्काल पानी बचाने के साथ- साथ भूजल रिचार्ज और वर्षाजल संरक्षण को बढ़ाने की चुनौती भी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें