जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के बी.के. सिंधी कॉलोनी में पानी की टंकी ओवरफ्लो होने की बात पर शुरू हुआ पड़ोसियों का विवाद गाली- गलौज और जान से मारने की गंभीर धमकियों तक पहुंच गया। छत से पानी बहने पर जब महिला ने पड़ोसी को मोटर बंद करने के लिए कहा, तो आरोपी ने ऊपर आकर उसे नीचे फेंककर जान से मारने की धमकी दे डाली। वहीं जब पीड़िता की बेटी बीच- बचाव और शिकायत करने की बात कहने आई, तो आरोपी की बहन ने भी गालियां देते हुए गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। पीड़िता की शिकायत पर जूनी इंदौर थाना पुलिस
बहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर की शाम करीब 7:00 बजे की है। बी.के. सिंधी कॉलोनी निवासी फरियादी महिला सिंधू बाई पाण्डे अपने घर पर मौजूद थीं। उन्होंने देखा कि ऊपर छत पर पानी की मोटर चालू होने से पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा था। इस पर सिंधू बाई ने नीचे रहने वाले पड़ोसी सागर नेकिये से मोटर बंद करने के लिए कहा। इतनी सी बात पर आरोपी सागर अचानक भड़क गया और महिला को गालियां देना शुरू कर दिया। आरोपी ने सरेराह धमकी दी कि रुक, मैं अभी ऊपर आता हूं और तुझे यहीं से नीचे फेंककर जान से खत्म कर दूंगा। आरोपी की धमकी और उग्र व्यवहार से घबराई पीड़िता ने तुरंत अपनी बेटी सोना को फोन करके मौके पर बुलाया और पूरी बात बताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। इसी दौरान आरोपी सागर की बहन करिश्मा नेकिये भी वहां आ पहुंची। उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात सुनते ही आपा खो दिया और पीड़िता की बेटी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। करिश्मा ने पीड़िता को ललकारते हुए धमकी दी कि यदि थाने जाकर मेरे भाई की रिपोर्ट दर्ज कराई, तो तुम लोगों को जान से खत्म करवा दूंगी, जाओ जाकर थाने में बता दो। पड़ोसियों के इस हिंसक और आपराधिक रवैये के बाद पीड़िता अपनी बेटी के साथ जूनी इंदौर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




