इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के आंनद अस्पताल के बाहर रुपयों के पुराने लेन-देन और गारंटी को लेकर विवाद हो गया। पैसे चुकाने के दबाव और कहासुनी के बाद तीन आरोपियों ने एक व्यक्ति के साथ गाली- गलौज करते हुए लात-घूंसों से जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी जितेंद्र शर्मा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उन्होंने आरोपी पवन भावसार निवासी मल्हारगंज के पहचान वाले सर्वेश भारद्वाज को मार्च 2025 में फ्लैट गिरवी रखने के एवज में कुल 5 लाख दिलवाए थे। इस रकम की वापसी की जिम्मेदारी पवन भावसार ने ली थी, जिसके चलते वह लगातार जितेंद्र शर्मा से रुपयों की मांग कर रहा था। घटना की रात फरियादी जितेंद्र शर्मा अपने भतीजे के साथ आनंद अस्पताल में अपने भांजे हितेश शर्मा का मृत्यु प्रमाण पत्र लेने आए हुए थे। इसी दौरान पवन भावसार का उनके मोबाइल पर फोन आया, तो जितेंद्र ने उसे बता दिया कि वे फिलहाल आनंद अस्पताल में मौजूद हैं। कुछ ही देर बाद आरोपी पवन भावसार अपने साथियों दिनेश कुलपारे निवासी 60 फीट रोड और रवि सोलंकी निवासी द्वारकापुरी के साथ अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल के बाहर पहुंचते ही आरोपियों ने रुपयों को लेकर दबाव बनाते हुए विवाद शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब जितेंद्र ने उन्हें गालियां देने से रोका, तो तीनों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने भविष्य में परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 10 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




