कांग्रेस के कई पार्षद और पति ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे को बताया था कि भाजपा पार्षद के क्षेत्रों में लगातार फाइलें स्वीकृत होकर काम हो रहे हैं और जहां कांग्रेसी पार्षद है वहां काम नहीं हो रहे हैं, काम के लिए फाइलें भी स्वीकृत नहीं हो रही है। इस पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने कल गांधी भवन में सभी विधानसभा प्रभारी, पार्षद और पति, ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक बुलाई थी। करीब 40 लोगों को आमंत्रित किया गया था। इनमें से आधे भी नहीं पहुंचे। विधानसभा प्रभारी तो करीब-करीब गायब थे, ब्लॉक अध्यक्ष भी पूरे नहीं आए। पार्षद और पति जरूर दिखाई दिए, लेकिन वे भी पूरी संख्या में नहीं थे, जो भी हो कल बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय यह हुआ कि कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल शनिवार 10 अक्टूबर को समय लेकर निगम आयुक्त से मुलाकात करेगा और उनसे मुलाकात में पूछेगा कि भाजपा पार्षदों के वार्ड में काम भी हो रहे हैं और नए काम स्वीकृत भी हो रहे हैं, जबकि कांग्रेस पार्षद काम स्वीकृत कराने के लिए फाइल लेकर घूम रहे हैं। ऐसा भेदभाव क्यों किया जा रहा है, यह भी आयुक्त से पूछा जाएगा कि क्या आप भाजपा एजेंट के रूप में काम कर रहे हो। यह निर्णय भी गांधी भवन में कांग्रेस पार्षद और पतियों ने लिया, जिसकी स्वीकृति अध्यक्ष चिन्टू चौकसे ने दी। निगम आयुक्त से यह भी पूछा जाएगा कि टैंकर कहां से आएंगे और यह भी पूछा जाएगा कि शहरहित में जल वितरण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना शहरहित में स्पष्टीकरण देवे। वहीं नामांतरण घोटाला जिसमें आईपी एड्रेस आज तक नहीं मिल पाया है उसका कारण पूछा जाएगा। अगर आईपी एड्रेस मिल जाता है तो घोटाला किसने किया, क्या निगम परिषद और अधिकारी घोटालेबाज को बचाना चाह रहे हैं। चल रही सफाईकर्मियों की हड़ताल के मामले में भी कांग्रेस चर्चा करेगी और मांग करेगी कि सफाईकर्मियों के हित में निर्णय लिए जाएं उनकी जो मांगे हैं वह शब्द टू शब्द स्वीकार की जाए। इन्हीं कर्मचारियों ने इंदौर को सालोंसाल से नम्बर-1 बना रखा है और उनकी मांगे नहीं मानी जा रही है यह अन्याय है, यह अत्याचार नहीं चलेगा। कांग्रेस और भी मांगों को लेकर चर्चा करेगी और सीधे-सीधे निगम आयुक्त को चेतावनी देगी कि अगर कांग्रेस की बात नहीं सुनी गई तो महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा, भूख हड़ताल भी की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से चिन्टू चौकसे, संजय बाकलीवाल, इम्तियाज बेलिम, लोकेश हार्डिया के अलावा शेख अलीम, रफीक खान, सादिक खान, राजू भदौरिया, सीमा सोलंकी, अंसाफ अंसारी, सैफू कुशवाह, कुणाल सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




