सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

कांग्रेस के पास और भी है राहुल के आयोजन के लिए विकल्प नेहरू स्टेडियम के लिए कांग्रेस पहुंची निगम आयुक्त के पास

खंडवा रोड पर दो कांग्रेस नेताओं के खेत पर और सांघी ग्राउंड ट्रांसपोर्ट नगर के अलावा खालसा स्टेडियम पर भी है निगाह, छात्रों के फोन आना हुए शुरू

शहर और जिला कांग्रेस द्वारा जहां दो दिन बाद 2 सितम्बर को राजीव गांधी सर्कल स्थित शुभ कारज गार्डन पर बड़ी बैठक आयोजित कर राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारी की जाएगी। शहर और जिला के अलावा इंदौर-उज्जैन संभाग के कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। आज कांग्रेस नगर निगम आयुक्त से मिलने पहुंची है और नेहरू स्टेडियम मामले में निर्णय किया जाएगा। इधर कांग्रेस ने एक नहीं कई विकल्प भी जगह की तलाश में कर रखे हैं। खंडवा रोड पर दो जगह, दो कांग्रेस नेताओं की कल देखी गई। वहीं सांघी ग्राउंड ट्रांसपोर्ट नगर पर जहां बोहरा समाज के धर्मगुरु का आयोजन हुआ था वह जगह भी देखी, वही रिजनल पार्क के सामने की जगह जहां पटाखा दुकानें लगती है उसे भी कांग्रेसियों ने देखा। कुछ कांग्रेसियों ने खालसा स्टेडियम भी देखा, लेकिन वह छोटा दिखाई दे रहा है। राहुल गांधी के इस छात्रों की गूंज कार्यक्रम में कांग्रेस होस्ट रहेगी, लेकिन कांग्रेसी अन्दर नहीं होंगे, वहां केवल छात्र ही होंगे। जैसे ही कल से राहुल गांधी के छात्रों की गूंज 12 सितम्बर को कार्यक्रम होने की बात बाहर आई वैसे ही कई छात्रों के फोन शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित अन्य नेताओं के पास आना शुरू हो गए हैं, इससे कांग्रेसियों में उत्साह भी बढ़ गया और कल से ही कांग्रेसी कहने लगे कि 50 हजार का आंकड़ा भी रजिस्ट्रेशन से पार हो जाएगा। अब रजिस्ट्रेशन भी किए जाना है उसकी भी तैयारी कांग्रेस कर रही है क्योंकि आयोजन दो संभाग के 15 जिलों से जुड़ा छात्रों का है और कांग्रेस ने 50 हजार छात्रों का रजिस्ट्रेशन होना बताया, लेकिन जिस तरह से कल से फोन आना शुरू हुए उससे कांग्रेसियों को उम्मीद है कि यह आंकड़ा भी पार हो जाएगा। राहुल गांधी की छात्रों से चर्चा के पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा, जिसमें संगीत कार्यक्रम होगा जो युवाओं की पसंद से जुड़ा रहता है। ऐसे में कांग्रेस इस बात का ध्यान रख रही है कि छात्रों को दुविधा ना हो, आने-जाने में दिक्कत ना हो और आसानी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण कर लें। क्योंकि कार्यक्रम शाम के बाद से ही होना है। ऐसे में लाइट, जनरेटर और पानी से बचने के साधन से लेकर अन्य व्यवस्था भी कांग्रेस को जुटाना होगी। नेहरू स्टेडियम कांग्रेस ने इसी लिए मांगा है कि वहां से छात्रों के हब के समीप पडता है और पार्किंग स्थल भी बड़ा है और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के साथ-साथ राहुल गांधी की सुरक्षा भी नेहरू स्टेडियम में सुरक्षित रहेगी, ऐसा कांग्रेसी मान रहे है। कांग्रेसियों का यह भी मानना है कि पिछले कुछ सालों में राजनीतिक आयोजन नेहरू स्टेडियम में हुए है और उस सूची पर भी कांग्रेस चर्चा कर रही है। हालांकि जानकार लोगों का यह भी कहना है कि नगर निगम राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए स्टेडियम की स्वीकृति देगी या नहीं, निगम द्वारा स्वीकृति नहीं मिलने पर कांग्रेस ने अन्य जगह भी देखना शुरू कर दी है। ऐसे में भाजपा की परिषद भी विवाद से बचने के लिए राहुल गांधी कार्यक्रम की स्वीकृति करा सकती है, अन्यथा कार्यक्रम दूसरी जगह पर तो होगा ही और कांग्रेसी भाजपाई परिषद के साथ भाजपाइयों की छिछालेदारी करेगी और आने वाले समय में अगर भाजपा नेहरू स्टेडियम का उपयोग करती है, तो कांग्रेस विरोध में खडी होगी। इन सभी मुद्दों का आंकलन करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठजनों का मानना है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए निगम आयुक्त और परिषद नेहरू स्टेडियम देने से मना नहीं करेंगे। इस मामले में कांग्रेस आज निगम आयुक्त से मिलने पहुंची है और कार्यक्रम की जानकारी देंगे और आयुक्त से स्वीकृति की बात भी कर रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 31 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें