नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सिटी बस कार्यालय में अलग-अलग विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, यातायात एवं रोड रिपेयर, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, फायर सेफ्टी, जलप्रदाय, ड्रेनेज एवं जल निकासी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में समस्त अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, जोनल अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। फायर सेफ्टी पर भी चर्चा की गई। यह कहा कि हर वार्ड के व्यवसायिक भवनों का सर्वे किया जाए। यह देखा जाए कि यह भवन किस श्रेणी में आता है और उसी श्रेणी के मुताबिक फायर सेफ्टी को लेकर प्रावधानों का पालन किया जा रहा है या नहीं। समीक्षा के दौरान वार्ड क्रमांक 50 में फायर सेफ्टी संबंधी सर्वे एवं आवश्यक कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर आयुक्त द्वारा उपयंत्री नितेश बोयत को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्ड क्षेत्र में फायर सेफ्टी को लेकर प्रभावी एवं सतत कार्रवाई करने तथा संबंधित भवन संचालकों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सिंघल ने यह भी कहा कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों की जियोटैगिंग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, जिससे कार्यों का रिकॉर्ड एवं मॉनिटरिंग प्रभावी रूप से की जा सके। उन्होंने क्षेत्र में स्थित निजी हाइड्रेंट तथा अन्य जलस्रोतों की भी समीक्षा करते हुए प्राइवेट हाइड्रेट पर आवश्यक रूप से रिचार्ज सॉफ्ट स्ट्रक्चर बनाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था पर भी निगम आयुक्त ने झोन अधिकारी से कहा कि वे अपने झोन के अन्तर्गत वार्ड क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। लेफ्ट टर्न पर भी विद्युत पोल अथवा डीपी और चेम्बर की ऊंचाई अधिक होने से यातायात तो प्रभावित नहीं हो रहा है, ऐसा होता है तो उसका निराकरण कार्रवाई कर तत्काल किया जाए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




