नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल द्वारा दो झोन 7 और 8 के अलग- अलग प्रमुख ट्रैफिक कंजेशन प्वाइंट्स का निरीक्षण किया। सिंघल ने चौराहों पर यातायात के दबाव, वाहनों की आवाजाही तथा लेफ्ट टर्न में बाधक निर्माण एवं अन्य अवरोधों का जायजा लिया। रोबोट चौराहा, सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 चौराहा एवं भमोरी चौराहा पर पहुंचकर यातायात की स्थिति देखी। रोबोट चौराहे पर यातायात के बढ़ते दबाव एवं वाहनों की आवाजाही को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त ने लेफ्ट टर्न को चौड़ा करने तथा आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि चौराहों पर यातायात का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। निरीक्षण के दौरान सड़क के कुछ स्थानों पर डामर की स्थिति खराब पाए जाने पर ठेकेदार को आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण एवं रखरखाव की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके बाद आयुक्त ने सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 चौराहा, किंग्स डेयरी चौराहा एवं भमोरी चौराहा का निरीक्षण किया गया। इन स्थानों पर सुगम यातायात एवं व्यवस्थित लेफ्ट टर्न के लिए बाधक निर्माण एवं अन्य अवरोधों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात को बाधित करने वाले सभी प्वाइंट्स को चिन्हित करते हुए नियमानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आयुक्त सिंघल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख ट्रैफिक कंजेशन प्वाइंट्स का सतत सर्वेक्षण कर उन्हें चिन्हित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सिविल, सड़क एवं यातायात सुधार संबंधी कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। उन्होंने कहा कि चौराहों पर लेफ्ट टर्न सुगम बनाने, अनावश्यक अवरोध हटाने तथा सड़क की स्थिति बेहतर रखने से नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। अधिकारी प्रकाश नागर, सुनील जादौन, लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित अन्य मौजूद थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




