सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

आयुक्त के आदेश से निगम के अधिकारी चौंके

नए अपर आयुक्त को दे दिए बहुत से महत्वपूर्ण विभाग

नगर निगम के आयुक्त क्षितिज सिंघल के द्वारा कल जारी किए गए एक आदेश से निगम के अधिकारी चौंक गए। उनके द्वारा इस आदेश के माध्यम से नए अपर आयुक्त को बहुत सारे महत्वपूर्ण विभाग दे दिए गए।

राज्य शासन द्वारा पिछले दिनों जारी की गई तबादला सूची में इंदौर नगर निगम में एक और अपर आयुक्त को पदस्थ किया गया था। इस आदेश के बाद अपर आयुक्त के पद पर आशीष कुमार द्वारा इंदौर नगर निगम में कल जॉइनिंग कर ली गई। उनके जॉइनिंग किए जाने के बाद यह निश्चित था कि नगर निगम में अपर आयुक्त के कामकाज में संशोधन होगा और कुछ काम नए आए अधिकारी को सौंप दिया जाएगा। इसके अनुसार ही कल शाम को निगम आयुक्त के द्वारा एक आदेश जारी करते हुए नए अधिकारी को काम सौंप दिए गए हैं। इस आदेश ने निगम के अधिकारियों में हलचल मचा दी है। कभी भी किसी भी नए आए हुए अधिकारी को महत्वपूर्ण विभाग नहीं दिए जाते हैं। हमेशा उस अधिकारी को इंदौर में ज्वाइन करने के बाद शहर को समझने का मौका दिया जाता है उसके बाद ही उसे महत्वपूर्ण काम दिए जाते हैं। उसके पहले तो नए अधिकारी को छोटे-छोटे विभाग देकर काम करने की स्थिति बनाई जाती है। इसके विपरीत आयुक्त द्वारा कल शाम जारी किए गए आदेश में नए अधिकारी को ड्रेनेज और सीवरेज जैसे दो बड़े और महत्वपूर्ण विभाग दे दिए गए। इसके साथ ही कॉलोनी सेल और वर्कशॉप के अलावा लीज विभाग भी दे दिया गया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें