इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में कॉलेज की पुरानी बातों और राजनीतिक मतभेदों को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोस्त को जातिसूचक शब्द कहते हुए उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ष्पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदिया जिला उमरिया के मूल निवासी व हाल मुकाम 8 मील खुड़ैल निवासी शिवम चौधरी ने कनाड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि कनाड़िया रोड स्थित गुलमर्ग परिसर के पास उसकी और उसके दोस्त नवीन सिंह निवासी बंगाली चौराहा की कॉलेज और राजनीति से जुड़े मुद्दों को लेकर कहासुनी हो गई। विचारों में मतभेद होने पर विवाद की स्थिति बन गई, जिस पर नवीन ने उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। इसके बाद जब शिवम अपनी गाड़ी से नीचे उतरा, तो नवीन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसकी कॉलर पकड़कर सीने पर मुक्का दे मारा। वहीं नवीन के साथी ने डंडे से शिवम के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह घायल हो गया। कनाड़िया थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी नवीन सिंह और उसके साथियों के खिलाफ एससी एसटी एक्ट व मारपीट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




