जगदीशपुर में आयोजित कैबिनेट बैठक में ग्राम धरमपुरी को बडी सौगात स्वास्थ्य के मामले में खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी। इस सौगात से 2 साल बाद सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को अच्छे स्वास्थ्य की सुविधा मिलेगी। उपस्वास्थ्य केन्द्र धरमपुरी का 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन करने के लिए लगभग 3.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत राशि से भवन निर्माण, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, फर्नीचर तथा अन्य
आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित होगा। 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से किसान और ग्रामीण परिवारों को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस बडी घोषणा के बाद क्षेत्रीय विधायक तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल का आभार भी माना है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने के बाद यहां पूर्णकालिक एमबीबीएस चिकित्सा अधिकारी की पदस्थापना होगी। साथ ही पैथोलॉजी जांच के लिए आवश्यक उपकरणों एवं प्रशिक्षित लैब तकनीशियन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे रक्त, मूत्र सहित अन्य आवश्यक जांचें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और किसान ग्रामीणों को दूरस्थ अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




