मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मुख्यमंत्री देंगे महापौर की पहल पर सौगात

क्षेत्र क्रमांक 4 को 40 साल बाद मिलेगी जरूरी सड़क, चिड़ियाघर में भी 14-डी थियेटर शुरू करवाएंगे

महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यकाल में आज शहर को बड़ी सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई सौगात देने आज शहर में रहेंगे। इस पहल के तहत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक चार को 40 साल बाद नागरिकों की उपयोगिता के लिए आवश्यक सड़क मिल सकेगी, चिड़ियाघर में भी 14- डी थियेटर शुरू करवाएंगे। भार्गव की पहल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आज दोपहर में अलग-अलग स्थान पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसमें शहर के नागरिकों को सौगात दी जाएगी। इसमें सबसे महत्वपूर्ण पहल अन्नपूर्णा रोड को फूटी कोठी रोड से जोड़ने वाली सड़क की है। इस सड़क को अटल पथ का नाम दिया गया है। इस सड़क की आवश्यकता क्षेत्र के नागरिकों को पिछले 40 साल से महसूस हो रही थी लेकिन नगर निगम के द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण अब तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका था। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा व्यक्तिगततौर पर रुचि लिए जाने के कारण यह सड़क बनाकर तैयार हो गई है और आज मुख्यमंत्री द्वारा इस सड़क का लोकार्पण कर दिया जाएगा। इस सड़क का निर्माण हो जाने से इस क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को ही नहीं बल्कि इस क्षेत्र से गुजरने वाले नागरिकों को भी एक बड़ी सुविधा मिल जाएगी। कल निगम अधिकारियों के साथ महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया था। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मालिनी गौड़ भी पहुंची, हालांकि वे निरीक्षण के अंतिम दौर में वहां पहुंची थी। दशहरा मैदान में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी की 25 फीट प्रतिमा स्थापना के लिए भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा चिड़ियाघर में जंगल सफारी का आनंद देने वाला 14-डी थिएटर भी आज लोकार्पित कर दिया जाएगा। वैसे भी अब इंदौर के चिड़ियाघर में जाने वाले लोगों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ चुकी है। ऐसे में यह थिएटर इन लोगों का रोमांस और बढ़ाएगा। खासतौर पर बच्चों के लिए यह थिएटर एक बड़ी सौगात साबित होगा। इस थिएटर का निजी क्षेत्र की भागीदारी से निर्माण और विकास कराया गया है। इसे आज मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण कराया जाएगा। इससे पहले आज सुबह निगम के अधिकारियों ने चिड़ियाघर पहुंचकर तैयारियों का अंतिम जायजा लिया। इसके साथ ही नेहरू पार्क में पिछले कई सालों से बंद स्विमिंग पूल को नया बनाने के बाद उसका भी आज ोकार्पण होगा। शहर में तैराकी का शौक रखने वाले लोगों को इस स्विमिंग पूल के बंद हो जाने से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इंदौर नगर निगम शहर में केवल दो स्विमिंग पूल है। इसमें से एक यह स्विमिंग पूल बंद पड़ा हुआ था। दूसरा महूनाका का स्विमिंग पूल चल रहा था। नेहरू पार्क के इस इंदौर के सबसे पुराने स्विमिंग पूल के बंद हो जाने के कारण शहर के मध्य और पूर्वी क्षेत्र के नागरिकों को ज्यादा परेशानी थी। इन सभी लोगों की परेशानी आज समाप्त हो जाएगी। विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह के माध्यम से महापौर के द्वारा अपने कार्यों को शोकेस किया जाएगा। ध्यान रहे कि इंदौर नगर निगम में महापौर के कार्यकाल के 4 वर्ष पूरे हो गए हैं और अंतिम पांचवा वर्ष भी शुरू हो गया है। ऐसे में महापौर की ओर से कोशिश है कि जो कार्य जल्दी से जल्दी पूरे हो सकते हो उन्हें तेजी के साथ पूरा करवा कर समाप्त कर दिया जाए।

पार्षद शर्मा कई समय से

लगे रहे- इस सड़क को पूरा करने के लिए क्षेत्रीय पार्षद नितिन शर्मा शानू ने भी काफी प्रयास किए थे। कई बार वे अधिकारियों के साथ इस सड़क का निरीक्षण कर चुके थे। आज महापौर पुष्यमित्र भार्गव और पार्षद शानू शर्मा की पहल के बाद मुख्यमंत्री के हाथों यह सौगात मिल रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें