मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

शहर में आज फिर पानी का संकट

एक टंकी रही खाली, तो 17 में भराया कम पानी

पेयजल योजना में आई समस्या के कारण शहर में आज पानी के संकट की स्थिति पैदा हो गई। लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने वाली एक टंकी पूरी तरह से खाली रही तो 17 टंकी में कम पानी भरा गया। इस स्थिति के कारण इन टंकी के सप्लाई वाले क्षेत्र में कहीं नल नहीं आए तो कहीं नल से नाम मात्र का पानी मिला।

इंदौर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नर्मदा तृतीय चरण के 90 एम एल डी के पंप कल प्रातः 8:30 पर नदी में कचरा आने के कारण सफाई का कार्य करने के लिए बंद किये गये। इसके साथ ही 90 एम एल डी के पंप में सम्प का लेवल कम होने के कारण दोपहर 4 बजे बंद किये गये। इस तरह से कुल 180 एम एल डी के पंप बंद किए गए। यह सभी पंप पुनः सफाई कार्य पूर्ण होने एवं सम्प का लेवल पुनः आने पर रात्री 10:05 पर चालू किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि नर्मदा पेयजल योजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के सभी पंप दोपहर 2:50 पर बडगोंदा ग्राम के पास 1200 एम एम व्यास की ग्रेविटी मेन पाइप लाइन में लीकेज सुधार कार्य हेतु बंद किये गये। सुधार कार्य पूर्ण होने के उपरान्त पुनः सभी पंप रात्री 10:30 पर चालू किये गये। नर्मदा कण्ट्रोल रूम बिजलपुर पर प्रेशर देर रात्री में बनने के उपरान्त टंकिया भरने का कार्य किया गया। इस स्थिति के कारण आज अन्नपूर्णा की टंकी खाली रही। इसके अलावा स्कीम न 103, राज मोहल्ला, छत्रीब़ाग, सदर ब़ाजार, सुभाष चौक, मल्हार आश्रम, गांधी हाल, लोकमान्य नगर, द्रविण नगर, जिंसी, महाराणा प्रताप नगर, जय हिन्द नगर, बाणगंगा, कुशवाह मोहल्ला, नरवल, अगरबत्ती काम्प्लेक्स व टिगरिया बादशाह की टंकी में कम पानी भरा जा सका। इसके कारण इन टंकी से सप्लाई वाले क्षेत्रों में आज नलों में पानी नहीं आया। कुछ क्षेत्रों में पानी आया भी तो वहां पर बहुत कम समय तक बहुत कम प्रेशर के साथ पानी आया। इस तरह आज शहर में पानी के संकट की स्थिति बन गई। हाल के दिनों में बार-बार पाइप लाइन में लीकेज होने या कोई अन्य समस्या आ जाने के कारण शहर को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 19 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें