कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले में 'अभिलाषा अभियान' प्रारंभ किया है। अभियान के तहत जिले के सभी 114 छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए जिला अधिकारियों को निरीक्षणकर्ता के रूप में दायित्व सौंपे गए हैं। अधिकारी निर्धारित बिंदुओं के आधार पर छात्रावासों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन प्रस्तुत करेंगे। इस संबंध में कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में निरीक्षणकर्ता अधिकारियों एवं छात्रावास अधीक्षकों को अभियान के उद्देश्यों, निरीक्षण प्रक्रिया तथा व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अधिकारी छात्रावासों में विद्यार्थियों से नियमित संवाद करें, उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से सुनें तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी विद्यार्थियों से अभिभावक की तरह संवाद करें और ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करें, जिससे घर से दूर रहकर भी बच्चों को छात्रावास में घर जैसा वातावरण और अपनत्व का अनुभव हो। छात्रावास में गुणवत्तापूर्ण नाश्ता और भोजन उपलब्ध रहे। खाद्यान्न सामग्री का भंडारण भी रहे। सफाई व्यवस्था भी ठीक रहे इस पर भी ध्यान दिया जाए। छात्रावास में सुरक्षा के साथ आधारभूत सुविधाएं भी रहे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 29 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






