सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

राजवाड़ा बस हादसे से सिटी बस कंपनी ने पल्ला झाड़ा

ड्राइवर की लापरवाही को भोपाल की कंपनी के हवाले किया

राजवाड़ा पर नई नवेली बस के अनियंत्रित होने से दो लोगों की मौत होने के मामले में सिटी बस कंपनी ने पल्ला झाड़ लिया है। कंपनी के द्वारा ड्राइवर की लापरवाही को भोपाल की कंपनी के हवाले कर दिया गया है। एक चौकाने वाले घटनाक्रम के तहत कल दोपहर में राजवाड़ा पर पीएम ई बस सेवा के तहत इंदौर में संचालन के लिए मिली नई बस अनियंत्रित हो गई थी। राजवाड़ा पर बस के द्वारा टक्कर मार दिए जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग अभी भी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती हैं। इसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सड़क के किनारे पर खड़े हुए इन लोगों को इस बात का एहसास ही नहीं था कि यातायात में दौड़ रहे वाहनों से बचने के लिए एक तरफ खड़े होना भी उनके लिए मौत का कारण बन जाएगा। अभी 2 दिन पूर्व ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के द्वारा भोपाल में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का शुभारंभ किया गया है। इंदौर की सिटी बस कंपनी के द्वारा संचालित सभी बस अब इसी बस सेवा के अंतर्गत आ गई है।

कल जिस बस के द्वारा दुर्घटना हुई है वह बस बिल्कुल नई है। ऐसे में बस के फिटनेस और उसके पुर्जो पर कोई भी शक नहीं किया जा सकता है। कल की घटना में प्राथमिक तौर पर यही माना जा रहा है कि ड्राइवर के द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण यह घटना घटित हुई है। इस मामले से सिटी बस कंपनी के द्वारा पल्ला झाड़ लिया गया है। इंदौर की सिटी बस कंपनी के कार्यकारी संचालक अर्थ जैन का कहना है कि इन बसों का संचालन जरूर हमारे द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन बस के चालकों की नियुक्ति ग्रीन सेल मोबिलिटी एजेंसी के द्वारा की गई है। ऐसे में हम यह नहीं जानते कि इस चालक को बस चलाना भी बराबर आता था या नहीं आता था। चालक के द्वारा कहीं नशा तो नहीं किया गया था यह भी कह पाना हमारे लिए संभव नहीं है। इस तरह ग्रीन सेल मोबिलिटी एजेंसी को चालकों की नियुक्ति का अधिकार होने और उनके द्वारा ही चालक नियुक्त किए जाने के आधार पर इंदौर की इस बस का संचालन करने वाली सिटी बस कंपनी के द्वारा अपना पल्ला झाड़ लिया गया है। इस तरह की गंभीर घटना पहली बार ही राजवाड़ा पर हुई है। ऐसा नहीं है कि इसके पहले सिटी बस कंपनी की बस के द्वारा कोई एक्सीडेंट ही नहीं हुआ हो। पहले भी दुर्घटनाएं तो हुई है लेकिन वह दुर्घटनाएं इस तरह की लापरवाही का परिणाम नहीं रही।

चिंताजनक स्थिति बनी- राजवाड़ा

जैसे प्रमुख व्यापारिक केंद्र पर जहां की हर दिन सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ लगी रहती है वहां पर इस तरह की घटना होना निश्चित तौर पर चिंताजनक है। इस घटना से यह चिंता भी पैदा हो गई है कि यदि ऐसी घटनाएं होती है तो राजवाड़ा पर जनता कैसे सुरक्षित रहेगी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें