मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

चार अलग-अलग सड़क हादसों में चार की मौत

कहीं खड़े ट्रक में घुसी बाइक, तो कहीं लोडिंग वाहन और अज्ञात टक्कर से गई जान

शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान लसूडिया, खुड़ैल और मूसाखेड़ी क्षेत्र में हुए तीन अलग- अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक सिक्योरिटी गार्ड, एक नौकरीपेशा व्यक्ति और अपनी बहन से मिलने भोपाल जा रहा युवक शामिल है। संबंधित थाना पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और हादसों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा लसूडिया थाना क्षेत्र में हुआ, जहां देवास जिले के टिगरिया निवासी 29 वर्षीय सूरज पिता राधेश्याम की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। सूरज इंदौर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। देर रात ड्याूटी खत्म कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी लसूडिया इलाके में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर चोट लगने के कारण सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा खुड़ैल थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां अम्बा मूल्या खुड़ैल निवासी 40 वर्षीय अशोक पिता जगदीश हादसे का शिकार हो गए। अशोक रोजाना की तरह अपने ऑफिस का काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार से आ रहे एक छोटा हाथी लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीसरी घटना मूसाखेड़ी क्षेत्र की है, जहां 35 वर्षीय संजय पिता रमेश की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, संजय अपनी बहन से मिलने के लिए भोपाल जाने वाला था और बस पकड़ने के लिए पैदल घर से निकला था। रास्ते में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पैदल चल रहे संजय को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगिरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस तीनों मामलों में टक्कर मारने वाले वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।

युवती ने उपचार के दौरान तोडा दम

विजय नगर सी-21 माल के पास कल दोपहर 2 बजे निकिता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौैत हो गई। वह निजी कम्पनी में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि निकिता नरसिंहपुर की रहने वाली थी। यहां किराए के मकान में रहती थी। परिवार में पिता, भाई एवं अन्य परिजन है। पुलिस अज्ञात की तलाश में जुटी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें