नगर निगम के द्वारा चंद्रभागा क्षेत्र में सड़क का निर्माण करने के लिए न्यायालय में केविएट लगाई गई है। इसके माध्यम से सरवटे बस स्टैंड से गंगवाल बस स्टैंड तक सडक के अधूरे निर्माण को पूरा करने की कोशिश की जा रहीं हैं। नगर निगम के द्वारा पूर्व महापौर मालिनी गौड के कार्यकाल में सरवटे बस स्टैंड से गंगवाल बस स्टैंड तक एक नई सड़क के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। यह कार्य धीमी गति से चला और कुछ क्षेत्रों में सड़क बनने के बाद बाकी क्षेत्रों में काम रुक गया। महापौर के रूप में मालिनी गौड का कार्यकाल पूरा होने के बाद महापौर पुष्यमित्र भार्गव के द्वारा अपने कार्यकाल में भी इस सड़क के काम को आगे बढ़ाया गया। इसके बावजूद अब तक यह सड़क पूरी नहीं बन सकी है। इस सड़क के बचे हुए क्षेत्र सरवटे बस स्टैंड जूनी इंदौर ब्रिज से चंद्रभागा होते हुए मच्छी बाजार चौराहे तक के काम को अब जल्दी आकार देने की कोशिश की जा रही है। इस कोशिश के तहत नगर निगम के द्वारा न्यायालय में केविएट लगा दी गई है। इसके माध्यम से मास्टर प्लान में प्रावधान की गई इस सड़क का 18 मीटर चौड़ाई में निर्माण सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। अब आगे जो नगर निगम काम शुरू करेगा उसमें कोई भी सड़क में बाधक निर्माण का स्वामी न्यायालय में जाकर एक तरफा स्टे लाकर काम नहीं रुकवा सके इस मकसद से नगर निगम के द्वारा यह केविएट लगाई गई है। इस बारे में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन करते हुए जनता को भी जानकारी दे दी गई है। अब बारिश का मौसम समाप्त होते ही नगर निगम का जोर इस काम को पूरा करवाने पर रहेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




