सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

मेडिकल छात्रा से छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी पर केस दर्ज

शादी का दबाव बनाने के लिए निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की दी धमकी, हॉस्टल के बाहर आकर करता था हंगामा

संयोगितागंज थाना क्षेत्र में डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही एक 23 वर्षीय छात्रा को ब्लैकमेल करने, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रीवा निवासी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पीड़िता के निजी फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था और आए दिन हॉस्टल के बाहर पहुंचकर विवाद खड़ा करता था।

संयोगितागंज पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह आरोपी दिव्यांशु सिंह पिता घनश्याम सिंह, निवासी ग्राम बसदेही, जिला रीवा को पिछले करीब 6 वर्षों से जानती है। दोनों की शुरुआती बातचीत सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसके बाद वे साथ मिलकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता के कुछ व्यक्तिगत फोटो और वीडियो हासिल कर लिए थे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दिव्यांशु पिछले कुछ सालों से उसे लगातार परेशान कर रहा है। वह बार-बार पीछा करते हुए एमजीएम गर्ल्स हॉस्टल के सामने पहुंच जाता था और सरेराह गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देता था। जब पीड़िता ने उससे दूरी बनानी चाही, तो आरोपी ने उसके निजी फोटो-वीडियो पीड़िता और उसके दोस्त के मोबाइल पर भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी लगातार पीड़िता को धमकी दे रहा था कि यदि उसने उससे शादी नहीं की, तो वह उसके सारे फोटो और वीडियो सार्वजनिक कर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। आरोपी की हरकतों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और संयोगितागंज थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें